Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News: बाल-बाल बचे कांग्रेस विधायक योगेंद्र बाबा, दीवार से टकराने के बाद कार में लगी आग, ऐसे बची जान

MP News: बाल-बाल बचे कांग्रेस विधायक योगेंद्र बाबा, दीवार से टकराने के बाद कार में लगी आग, ऐसे बची जान
X

MP News: भोपाल: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेन्द्र सिंह बाबा (Yogendra Singh Baba) की कार नेशनल हाईवे-44 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा धूमा थाना क्षेत्र के बंजारी गांव के पास उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन का नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए थे, जिससे अंदर बैठे लोगों की जान खतरे में पड़ गई। कार में विधायक के साथ उनके गनमैन राजू धुर्वे और चालक अन्नू भी मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों के बाहर निकलने के कुछ ही मिनटों बाद वाहन आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हादसे में विधायक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गनमैन और चालक घायल हुए हैं। चालक के चेहरे और होंठ पर चोट लगने के कारण अस्पताल में उपचार किया गया। सभी घायलों को तत्काल लखनादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire