Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल होंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, दावोस में निवेश और विकास पर रखेंगे मध्य प्रदेश का विजन

MP News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल होंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, दावोस में निवेश और विकास पर रखेंगे मध्य प्रदेश का विजन
X

MP News: भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए विदेश दौरे पर जाएंगे। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 19 से 23 जनवरी तक आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों, उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से सीधा संवाद कर राज्य में निवेश की संभावनाओं और विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

MP News: यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया तेजी से बदलते भू-आर्थिक और भू-राजनीतिक हालात से गुजर रही है। सम्मेलन के दौरान सरकार और उद्योग जगत के बीच साझेदारी को मजबूत करने, नई चुनौतियों से निपटने और साझा प्राथमिकताओं पर आगे बढ़ने के लिए सार्वजनिक-निजी संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा। इस मंच पर विभिन्न देशों की सरकारें, अंतरराष्ट्रीय संगठन, वैश्विक कंपनियां, सिविल सोसायटी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ विचार-विमर्श करेंगे।

MP News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उनके साथ राज्य सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी दावोस जाएगा, जिसमें उद्योग, ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा, निवेश और सचिवालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPIDC) के अधिकारी भी दल का हिस्सा रहेंगे। इस दौरे का उद्देश्य मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करना है।

MP News: गौरतलब है कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम एक अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1971 में क्लॉस श्वाब ने की थी। यह मंच व्यापार, राजनीति, शिक्षा और समाज के शीर्ष नेतृत्व को एक साथ लाकर वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर समाधान तलाशने का काम करता है। इसकी वार्षिक बैठक स्विट्जरलैंड के दावोस में होती है, जिसे दुनियाभर में ‘दावोस शिखर सम्मेलन’ के नाम से जाना जाता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire