Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : बालाघाट दौरे पर CM डॉ. मोहन यादव: शहीदों को नमन, 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात; नक्सल समस्या को बताया ‘कैंसर’

MP News : बालाघाट दौरे पर CM डॉ. मोहन यादव: शहीदों को नमन, 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात; नक्सल समस्या को बताया ‘कैंसर’
X

MP News : बालाघाट मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को बालाघाट दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पहुंचकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में साहसिक भूमिका निभाने वाले हॉक फोर्स के 60 जवानों को सम्मानित किया।

पचामादादर-कटेझिरिया पहाड़ी जंगल में पिछले वर्ष नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में उल्लेखनीय योगदान के लिए इन जवानों को ‘आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में बाधा बनने वाली नक्सल समस्या किसी कैंसर से कम नहीं है, जिसे जड़ से खत्म करना आवश्यक है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा राजनीतिक संकेत भी दिया।

उन्होंने घोषणा की कि नक्सल समस्या के पूर्णतः समाप्त होने के बाद अगली कैबिनेट बैठक बालाघाट में आयोजित की जाएगी। साथ ही उन्होंने पूर्व मंत्री लिखीराम की नक्सलियों द्वारा की गई हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उस घटना का जवाब दिया है। बालाघाट को विकास की नई सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 100 करोड़ 90 लाख रुपये के विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इनमें लगभग 69 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से तैयार 20 कार्यों का लोकार्पण और 31 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है तथा बालाघाट को विकास और शांति के नए आयामों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire