MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नए साल में WEF की बैठक में होंगे शामिल, पेश करेंगे प्रदेश का निवेश रोडमैप
MP News : भोपाल। नए साल की शुरुआत में मध्यप्रदेश का नाम वैश्विक मंच पर चमकने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित होने वाले विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum – WEF) की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक नीतियों और विकास मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश किया जाएगा।
MP News : WEF 2026 में भारत की भागीदारी इस बार और भी प्रभावशाली होगी। बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और 100 से अधिक शीर्ष सीईओ, केंद्रीय मंत्री एवं वैश्विक नेता शामिल होंगे। सम्मेलन की थीम ‘A Spirit of Dialogue’ (संवाद की भावना) है, जिसमें वैश्विक सहयोग, प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में विकास, निवेश, जिम्मेदार नवाचार और पर्यावरण संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस आयोजन में लगभग 130 देशों के 3,000 नेता और 60 राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मध्यप्रदेश सरकार का एक उच्च स्तरीय अधिकारी दल भी सम्मेलन में शामिल होगा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री सचिवालय, उद्योग, ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और एमपी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य इस दौरे के माध्यम से मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूत करना है।
MP News : इस सम्मेलन के दौरान संभावित निवेश प्रस्तावों, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक भागीदारी पर महत्वपूर्ण बैठकों की संभावना है। यह दौरा मध्यप्रदेश के लिए वैश्विक निवेश आकर्षित करने और प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय छवि को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

