Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : महाकाल मंदिर के पास खुदाई में मिला प्राचीन शिवलिंग, पुजारियों ने किया पूजन, दर्शन के लिए लगा भक्तों का जमावड़ा

Dev Verma
MP News : महाकाल मंदिर के पास खुदाई में मिला प्राचीन शिवलिंग, पुजारियों ने किया पूजन, दर्शन के लिए लगा भक्तों का जमावड़ा
X

MP News : उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के पास शुक्रवार सुबह टनल खुदाई के दौरान एक प्राचीन शिवलिंग मिलने से पूरे क्षेत्र में आस्था का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मौके पर पहुंचकर विधि-विधान से शिवलिंग का पूजन-अर्चन किया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचने लगे और पूरे इलाके में भक्ति का सिलसिला शुरू हो गया।

MP News : राजाभोज के परमार काल का शिवलिंग

पुरातत्व विभाग के अनुसार, यह शिवलिंग राजाभोज के परमार काल का प्रतीत होता है। विभाग का अनुमान है कि यह 1000 से 2000 वर्ष पुराना हो सकता है। शिवलिंग पर दिख रही लिपि ईसा पूर्व की बताई जा रही है। धुलाई और केमिकल ट्रीटमेंट के बाद ही इसके सटीक काल का पता चल सकेगा।

MP News : टनल निर्माण कार्य के दौरान हुई खुदाई

महाकाल मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गेट नंबर-4 के पास टनल और वेटिंग हॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पोकलेन मशीन से खुदाई के दौरान शिवलिंग दिखाई दिया। तुरंत साइट इंजीनियर और मंदिर प्रशासन को सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर खुदाई का काम रोक दिया गया है।

MP News : शिवलिंग के साथ मिले अन्य अवशेष

साइट इंजीनियर दीपक पटेल के अनुसार, शिवलिंग के साथ नंदी की प्रतिमा जैसे अन्य प्राचीन अवशेष भी मिलने के संकेत हैं। इनकी जांच की जा रही है। पुरातत्व विभाग के डॉ. रमन सोलंकी ने प्रथम दृष्टया इसे राजा भोज के काल का परमारकालीन शिवलिंग बताया है।

MP News : 2020 में भी मिले थे शिवलिंग और मूर्तियां

गौरतलब है कि मई 2020 में महाकाल मंदिर विस्तार कार्य के दौरान भी खुदाई में प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले थे। उस समय 25-30 फीट नीचे शिवलिंग, नंदी, गणेश, मां चामुंडा और अन्य मूर्तियां बरामद हुई थीं, जिन्हें पुरातत्व विशेषज्ञों ने परमार कालीन बताया था।

MP News : पुरातत्व विभाग करेगा विस्तृत जांच

7 मीटर गहराई से निकले इस शिवलिंग की विस्तृत जांच अब पुरातत्व विभाग करेगा। शिवलिंग को फिलहाल उसी स्थान पर सुरक्षित रखा गया है। यह घटना महाकाल क्षेत्र की प्राचीनता और धार्मिक महत्व को एक बार फिर रेखांकित करती है। भक्तों में इस प्राचीन शिवलिंग के दर्शन को लेकर भारी उत्साह है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire