Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : वाहन के छत में बना रखा था सीक्रेट तहखाना, चेकिंग में पकड़ाई 30 लाख की शराब

आयशर वाहन से करीब 30.53 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

MP News : वाहन के छत में बना रखा था सीक्रेट तहखाना, चेकिंग में पकड़ाई 30 लाख की शराब
X

MP News : झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसने शराब छिपाने के लिए वाहन में बेहद शातिर तरीका अपनाया था। थांदला पुलिस ने एक आयशर वाहन से करीब 30.53 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि तस्करों ने वाहन की छत के अंदर विशेष रूप से गुप्त केबिन (सीक्रेट चेंबर) तैयार कर रखा था। बाहर से देखने पर वाहन पूरी तरह खाली नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा खेल उजागर हो गया।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो छत के भीतर बने गुप्त चेंबर से 111 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में किंगफिशर, कार्ल्सबर्ग, रॉयल स्टैग, मैजिक मोमेंट्स और 8 पीएम जैसे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने कुल 1234.5 बल्क लीटर शराब जब्त की है, जिसकी कीमत वाहन सहित लगभग 30 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान राजस्थान के बाड़मेर निवासी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि शराब की खेप राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस तस्करी रैकेट के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire