Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP Crime : पत्नी को बीच सड़क पर गोली मारी, पति ने पुलिस के सामने दी आत्महत्या की धमकी

घटना के बाद आरोपी पति अरविंद परिहार कट्टे के साथ मौके पर बैठा रहा और पुलिस को आत्महत्या की धमकी देता रहा।

MP Crime : पत्नी को बीच सड़क पर गोली मारी, पति ने पुलिस के सामने दी आत्महत्या की धमकी
X

MP Crime : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रूप सिंह स्टेडियम के पास एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। एक सनकी युवक ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार को बीच सड़क पर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल नंदिनी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी पति अरविंद परिहार कट्टे के साथ मौके पर बैठा रहा और पुलिस को आत्महत्या की धमकी देता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय रूप सिंह स्टेडियम के पास गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी अरविंद परिहार कट्टा लिए नंदिनी के पास बैठा था। उसने पुलिस को धमकाया कि अगर कोई नजदीक आया, तो वह खुद को गोली मार लेगा। साथ ही, उसने पुलिस पर भी बंदूक तानने की धमकी दी। पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया और आखिरकार अरविंद को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि नंदिनी और अरविंद परिहार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों करीब डेढ़ साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे, जिस दौरान कई बार उनके बीच झगड़े और हिंसक घटनाएं हुईं। डेढ़ साल पहले अरविंद ने कथित तौर पर नंदिनी पर कार चढ़ाकर उनकी हत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद सिरोल थाने में मामला दर्ज हुआ था। हाल ही में नंदिनी ने जनसुनवाई में पहुंचकर अरविंद पर ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद यह दुखद घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और आरोपी अरविंद परिहार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने नंदिनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी ने बताया कि अरविंद से पूछताछ की जा रही है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire