MP Crime : अवैध हथियार तस्करी करते दो गिरफ्तार, 8 पिस्टल और कारतूस बरामद
- Rohit banchhor
- 22 Jul, 2025
दोनों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ये हथियार सेंधवा से लाकर ग्वालियर में 30 से 50 हजार रुपये में बेचने आए थे।
MP Crime : ग्वालियर। क्राइम ब्रांच और गोला का मंदिर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध हथियार तस्करों को सरला फार्म के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों तस्करों के कब्जे से 32 बोर की 8 देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाब कोली निवासी बेहट और अंकित तोमर निवासी खांद का पुरा, जिला मुरैना के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ये हथियार सेंधवा से लाकर ग्वालियर में 30 से 50 हजार रुपये में बेचने आए थे।
बता दें कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सरला फार्म के पास दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और गोला का मंदिर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा गया।
पुलिस ने गुलाब कोली के पास से एक लाल रंग के कपड़े के थैले में पॉलीथिन में पैक 7 हाथ की बनी 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद कीं, जिनमें मैगजीन लगी थीं। उसकी पेंट की जेब से एक 32 बोर का जिंदा कारतूस भी मिला। वहीं, अंकित तोमर की कमर से एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की गई, जिसमें भी मैगजीन लगी थी। कुल मिलाकर 1 लाख 60 हजार रुपये कीमत की 8 पिस्टल और एक कारतूस जप्त किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। गुलाब कोली के खिलाफ बिजौली, क्राइम ब्रांच ग्वालियर और मुरैना के कोतवाली थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं। वहीं, अंकित तोमर के खिलाफ मुरैना के अम्बाह और पोरसा थानों, खंडवा के रेलवे थाने और धौलपुर (राजस्थान) के दिहोली थाने में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट और फॉरेस्ट एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

