Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : गर्लफ्रेंड्स के शौक पूरे करने बने चोर, लग्जरी लाइफ के लिए करते थे चोरी, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरोह के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।

MP Crime : गर्लफ्रेंड्स के शौक पूरे करने बने चोर, लग्जरी लाइफ के लिए करते थे चोरी, 3 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
X

MP Crime : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में पुलिस ने ऐसे युवा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने महंगे शौक, लग्जरी लाइफस्टाइल और गर्लफ्रेंड्स की फरमाइशें पूरी करने के लिए चोरी का रास्ता चुना। हैरानी की बात यह है कि गिरोह के ज्यादातर सदस्य 20 साल से कम उम्र के हैं। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।

नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 2 मुख्य आरोपी 20 साल से कम उम्र के हैं, जबकि 3 आरोपी नाबालिग हैं। इसके अलावा चोरी के जेवर खरीदने वाले एक दुकानदार को भी पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश उर्फ मंगत चौधरी, विशेष उर्फ भोला ठाकुर और जेवर कारोबारी मनीष सोनी शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें महंगी जिंदगी जीने, बड़े होटलों में घूमने, मौज-मस्ती करने और गर्लफ्रेंड्स की डिमांड पूरी करने का शौक था। इसी के लिए वे लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह पहले दिन में बंद मकानों की रेकी करता था। इसके बाद देर रात ताले तोड़कर घरों से सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।

आरोपियों ने शहर के चिलाचोन, सुपला, खुरपा बड़ा, विप्तपुरा, जेल क्वार्टर और अतिथि होटल इलाके समेत 7 जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, चेन, झुमके, पायल, चांदी की करधनी और चोरी की दो बाइक बरामद की हैं।

जब्त सामान की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। स्टेशनगंज पुलिस की कार्रवाई के बाद शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire