Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP Crime : 1.89 करोड़ की सनसनीखेज लूट का खुलासा, IAS अकैडमी डायरेक्टर को बंधक बनाकर कराई ऑनलाइन ट्रांसफर

आरोपियों ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर को झांसे में लेकर 1.89 करोड़ रुपये की रकम हथियारों के दम पर ट्रांसफर करवा ली।

MP Crime : 1.89 करोड़ की सनसनीखेज लूट का खुलासा, IAS अकैडमी डायरेक्टर को बंधक बनाकर कराई ऑनलाइन ट्रांसफर
X

MP Crime : भोपाल। राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने एक हाई-प्रोफाइल और सुनियोजित लूटकांड का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर को झांसे में लेकर 1.89 करोड़ रुपये की रकम हथियारों के दम पर ट्रांसफर करवा ली।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा है, जो पीड़िता का पूर्व छात्र रह चुका है। उसने सेमिनार और नए सेंटर खोलने का झांसा देकर डायरेक्टर को दिल्ली से भोपाल बुलाया। पीड़िता को शहर के एक फ्लैट में ले जाकर पिस्टल और कट्टे की नोक पर बंधक बना लिया गया। दो दिन तक डराकर-धमकाकर उनसे ‘जनकशिला’ और ‘आरएस इंटरप्राइजेस’ नामक खातों में 1.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

आरोपियों ने पीड़िता को डराने के लिए अपने ही एक साथी के अपहरण का फर्जी वीडियो बनाया, ताकि वह पुलिस में शिकायत न करे और आगे भी पैसे देती रहे। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने वारदात से पहले किराए का मकान लेकर वहां सुंदरकांड का आयोजन कराया, जिससे शोर-शराबे में किसी को शक न हो और पीड़िता की आवाज बाहर न पहुंच सके।

घटना के बाद प्रियांक शर्मा ने खुद को बीमार बताकर AIIMS के ICU में भर्ती करवा लिया, लेकिन पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके परिजनों ने हंगामा भी किया। क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई पूरी राशि होल्ड करवा दी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही रकम पीड़िता को वापस दिलाई जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद विदेश फरार होने की तैयारी में थे। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire