Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP Crime : प्यार बना खूनी खेल, प्रेम संबंधों की रंजिश में युवक और महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, गोबर से छिपाए सबूत

पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

MP Crime : प्यार बना खूनी खेल, प्रेम संबंधों की रंजिश में युवक और महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, गोबर से छिपाए सबूत
X

MP Crime : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में इश्क, शक और रंजिश की कहानी खूनी डबल मर्डर में बदल गई। बिजुरी थाना क्षेत्र के भालुगुडार इलाके में एक युवक और महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए खून के निशान तक गोबर से लीप दिए, लेकिन पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह डायल-112 को सूचना मिली थी कि भालुगुडार क्षेत्र में हत्या की वारदात हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस को दो शव मिले। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सुरेंद्र सोनी और 48 वर्षीय लल्ली बाई गोंड के रूप में हुई। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान पाए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी सुनील सिंह मार्को उर्फ नानकुनू को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका लल्ली बाई और सुरेंद्र सोनी के बीच प्रेम संबंध थे, जिससे वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने रात के अंधेरे में कुल्हाड़ी से पहले सुरेंद्र की हत्या की। वारदात की गवाह बनी लल्ली बाई को भी उसने मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने खून के निशान मिटाने के लिए कमरे में गोबर से लीपाई कर दी और शव छिपाने की कोशिश की, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि पुलिस जांच में उसका पूरा खेल उजागर हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire