Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : दोस्त की पत्नी को भगा ले गया बड़ा भाई, रंजिश में आरोपियों ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, दो गिरफ्तार

ग्वालियर में चाकू और कांच की बोतल से हमला कर युवक की हत्या की

MP Crime : दोस्त की पत्नी को भगा ले गया बड़ा भाई, रंजिश में आरोपियों ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, दो गिरफ्तार
X

MP Crime : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। दोस्त की पत्नी के साथ बड़े भाई के चले जाने का बदला आरोपियों ने उसके छोटे भाई से लिया। युवक की बेरहमी से हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सिरोल थाना क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी निवासी दिनेश जाटव (21) इंदौर में काम करता था और इन दिनों अपने घर आया हुआ था। बुधवार दोपहर उसका शव मेहरा गांव स्थित डीबी सिटी मुक्तिधाम के पास एक नाले में मिला। शव पर चाकू और कांच की बोतल से किए गए हमले के गंभीर निशान मिले।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दिनेश के बड़े भाई विकास उर्फ विक्कू जनवरी महीने में अपने दोस्त सूरज की पत्नी मनीषा को अपने साथ ले गया था। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच गहरी दुश्मनी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, महिला पहले ही बरामद हो चुकी है और उसने अपने बयान में कहा था कि वह अपनी मर्जी से विकास के साथ रह रही थी। इसके बावजूद आरोपियों के मन में बदले की भावना बनी रही।

बताया जा रहा है कि बुधवार को दिनेश मेहरा गांव की ओर जा रहा था, तभी सूरज और उसके भाई गौरव जाटव ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले उसकी जमकर पिटाई की गई। इसके बाद उसके पेट पर चाकू और टूटी कांच की बोतल से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से पहले आरोपियों ने दिनेश के बड़े भाई विकास को फोन कर कहा कि यदि मनीषा से बात नहीं कराई तो उसके भाई को नहीं छोड़ेंगे। फोन पर बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने दिनेश पर जानलेवा हमला कर दिया। हत्या के बाद शव को नाले में फेंककर दोनों फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire