Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : दोहरा हत्याकांड से क्षेत्र में फैली सनसनी, खेत पर सो रहे बुजुर्ग दंपति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

MP Crime : दोहरा हत्याकांड से क्षेत्र में फैली सनसनी, खेत पर सो रहे बुजुर्ग दंपति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट
X

MP Crime : टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर बछोड़ा गांव में खेत पर सो रहे एक बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय चैनु घोष और उनकी पत्नी 63 वर्षीय पाना बाई घोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब दो वर्षों से विवादित जमीन पर रह रहे थे। यह जमीन पाना बाई घोष को उनके पिता द्वारा दी गई थी, जिसको लेकर दूर के रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने खेत पर सो रहे दंपति पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते एक महीने में जमीन को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश और भूमि विवाद के कारण ही इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों ने मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire