Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Accident : बेकाबू स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

MP Accident : बेकाबू स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
X

MP Accident : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। थाटीपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो-रिक्शा की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 3 बजे परशुराम चौराहे के पास जैन मंदिर के समीप हुआ। मेरठ निवासी नौ सदस्यीय परिवार शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर ऑटो से लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो हवा में उछलकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराया। हादसे में शुभम उर्फ लाली, उनकी पत्नी, चाचा-चाची और सास सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक समेत अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो चालक पहले भी बस स्टैंड के पास एक अन्य वाहन को टक्कर मार चुका था और पुलिस के रोकने के बावजूद तेज रफ्तार में भाग रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। शहर पुलिस अधीक्षक अतुल सोनी के अनुसार, हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार का नतीजा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि चालक नशे में था या नहीं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire