Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Accident : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली 10 फीट नीचे पुलिया से गिरी, 6 की मौत, 41 घायल

इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

MP Accident : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली 10 फीट नीचे पुलिया से गिरी, 6 की मौत, 41 घायल
X

MP Accident : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में श्रद्धा का सफर मातम में बदल गया। जंगल में पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

यह हादसा अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर स्थित पुष्पराजगढ़ तहसील के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवार तिवनी जंगल में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा के लिए पहुंचे थे। घर लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पर अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 10 फीट नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल हुए हैं। मृतकों में घनश्याम सिंह (45), भूपत सिंह (50), सहबल बैगा (55) और बीर सिंह (60) समेत छह लोगों की जान चली गई। इनमें से दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि चार अन्य ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिया पर मोड़ लेते समय चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रॉली पलटकर नीचे जा गिरी।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर हर्षल पंचोली शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि और संबल योजना के तहत कुल 8-8 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire