Begin typing your search above and press enter to search.
रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की गर्भवती महिलाओं को मोहन सरकार का गिफ्ट, निजी सेंटरो में मुफ्त होगी सोनोग्राफी
स्कैन करने के बाद सोनोंग्राफी सेंटर संचालक के खाते में तय राशि ट्रांसफर हो जाएगी।

भोपाल। रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की मोहन सरकार बहनों को एक और बड़ी सौगात देने जा रही है। दरअसल प्रदेश सरकार की तैयारी है कि सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ अब प्राइवेट सेंटर पर भी निशुल्क सोनोग्राफी कर महिलाओ को सुविधा दी जाए। सरकार से निर्देश प्राप्त होने के बाद भोपाल सीएमएचओ ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। भोपाल में दर्जनों निजी सोनोग्राफी सेंटर को चिन्हित किया गया है।
यहां महीने में दो दिन महिलाएं निशुल्क सोनोग्राफी करवा पाएंगी और इसके लिए जो खर्च आएगा वह सरकार वहन करेगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में गर्भवती महिलाऐं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, के साथ मेडिकल कॉलेज, प्राइवेट अस्पताल और निजी सोनोग्राफी सेंटरों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड करा सकेंगी। इसके लिए गर्भवती महिलाओं को अपना नाम और फोन नंबर बताना होगा। इसके बाद ई-वाउचर जनरेट होगा और मोबाइल पर ओटीपी आएगा। सत्यापन के बाद महिलाओं को ई-रुपी बारकोड दिया जाएगा।
इसे स्कैन करने के बाद सोनोंग्राफी सेंटर संचालक के खाते में तय राशि ट्रांसफर हो जाएगी। इसका भुगतान सरकार करेगी। एमपी सरकार 29 जुलाई को राजधानी के काटजू अस्पताल से पायलट प्रोजेक्ट के रुप में यह सुविधा शुरु करने जा रही है। शुरुआत में अभी हर महीने की 9 और 25 तारीख को ही मुफ्त सोनोग्राफी की सुविधा मिलेगी। वहीं 9 अगस्त से यह सुविधा प्रदेश के सभी जिलों में संचालित की जाएगी।
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019


