मंत्री सारंग ने निर्माणाधीन सीएम राइज़ स्कूल का निरीक्षण कर कार्य में देरी पर जताई नाराजगी
- Rohit banchhor
- 03 Jan, 2025
अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए और निर्माण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर किया जाए
MP News : भोपाल। राजधानी के करोंद क्षेत्र में 30 करोड़ रुपये की लागत से सरदार पटेल सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण कार्य जारी है। आज सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निर्माणाधीन सरदार पटेल सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए और निर्माण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर किया जाए।
MP News : निर्माण कार्य में देरी पर जताई नाराजगी-
स्कूल का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा किया जाना था, लेकिन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण की गति धीमी होने के कारण इसे पूरा होने में एक वर्ष और लग सकता है। मंत्री सारंग ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सहन नहीं की जायेगी और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

MP News : मंत्री के जवाब नहीं दे सके अधिकारी-
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने स्कूल के डिज़ाइन और क्लासरूम के स्पेस को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी, लेकिन अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये| इस पर मंत्री सारंग ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की संख्या के अनुसार पर्याप्त स्थान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्कूल के मुख्य भवन में बने कॉरिडोर का भी निरीक्षण किया| कॉरिडोर की चौड़ाई बच्चों की संख्या के लिहाज से कम होने पर उन्होंने निर्देश दिया कि कॉरिडोर के पास बनी असेंबली एरिया को बंद करने के बजाय खुला रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों को पर्याप्त स्थान मिल सके।
MP News : फायर सेफ्टी और सुरक्षा पर जोर-
मंत्री सारंग ने स्कूल निर्माण में फायर सेफ्टी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और तय मानकों के अनुसार फायर सेफ्टी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए इसे शीघ्र पूरा किया जाए।
MP News : 30 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य-
सरदार पटेल सीएम राइज स्कूल का निर्माण लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे विद्यार्थियों को एक समृद्ध और सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय परिसर में 34 क्लास रूम, लाइब्रेरी, कॉन्फ्रेस रूम, किचन स्टोर सहित डायनिंग हाल, 5 लेब, स्टाफ रूम, इलेक्ट्रिक रूम समेत विभिन्न सुविधाएं विद्यार्थिंयों के लिये उपलब्ध होंगी।

