Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 6 तस्कर गिरफ्तार, तेंदुए की खाल, नाखून, मूंछ और हड्डियां जब्त

यह कार्रवाई पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 6 तस्कर गिरफ्तार, तेंदुए की खाल, नाखून, मूंछ और हड्डियां जब्त
X

MP News : शहडोल। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा पर वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से तेंदुए की खाल, 8 नाखून, 6 मूंछ के बाल, हड्डियां और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

WCCB से मिली गुप्त सूचना के आधार पर शहडोल वन विभाग ने अनूपपुर जिले के बुढ़ार-अमरकंटक मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान दो तस्करों, विनोद साकेत और हीरा सिंह परस्ते, को पकड़ा गया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए सीधी जिले के डुहुकुरिया गांव निवासी तेजबहादुर और छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के गिरवानी गांव निवासी रामनरेश वासुदेव उर्फ लटकू, सगरा गांव के बद्री प्रसाद गोंड और रामप्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए तस्करों के पास से तेंदुए की खाल, 8 नाखून, 6 मूंछ के बाल, हड्डियां, 9 बंडल जीआई तार, एक लोहे की छुरी और अन्य तस्करी उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह गिरोह तेंदुओं का शिकार कर उनके अंगों को तंत्र-मंत्र और अवैध व्यापार के लिए बेच रहा था। तस्कर इन वन्यजीव अंगों को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में ऊंची कीमतों पर बेचने की फिराक में थे। वन विभाग और WCCB अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके खरीदारों का पता लगाने में जुटे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire