Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

आकाशीय बिजली का कहर, गर्भवती महिला की मौत, 25 से अधिक घायल...

जब ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा सुनने के लिए एकत्र थे।

आकाशीय बिजली का कहर, गर्भवती महिला की मौत, 25 से अधिक घायल...
X

MP News : श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में शुक्रवार शाम एक धार्मिक आयोजन के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में 19 वर्षीय गर्भवती महिला गीता बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाम 4.30 बजे के आसपास हुआ, जब ग्रामीण हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा सुनने के लिए एकत्र थे।

बता दें कि सेमरा गांव के हनुमान मंदिर में पिछले कुछ दिनों से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। शुक्रवार को भी सैकड़ों ग्रामीण, खासकर महिलाएं और बच्चे, कथा सुनने के लिए पंडाल में मौजूद थे। गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग पंडाल से कुछ दूरी पर एक जामुन के पेड़ के नीचे बैठ गए। लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली, और तेज गरज-चमक के साथ बिजली उस पेड़ पर आ गिरी। जोरदार धमाके के साथ पेड़ के नीचे बैठे लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में गीता बाई पत्नी देवराज आदिवासी (19) का निधन हो गया, जो चार महीने की गर्भवती थी। वहीं 25 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में करीना आदिवासी (16), कृष्णा बाई (25), जमुना बाई (42), रामी आदिवासी (16), राजवती (40), लक्ष्मी जाटव (40), निशा (20), किरन (15), गुड्डी बाई (40), संगीता (12), वंदना (25), विदेशा (15), रोहिनी (10), चायना (30), कुलदीप (7), सुआ आदिवासी (40), लक्ष्मी (5), सालू (16), ज्योति (30), वंदना (60), नीतू (15), और प्रीति (45) शामिल हैं।

ये लोग सेमरा, निमानिया, सिरसनवाड़ी, और बंदनहार गांवों के निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को कराहल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को श्योपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire