Top
Begin typing your search above and press enter to search.

14 अगस्त को कर्मश्री संस्था निकालेगी विशाल तिरंगा यात्रा, सीएम होंगे शामिल

विधायक रामेश्वर शर्मा प्रतिवर्ष अखंड भारत के संकल्प के साथ 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करते है।

14 अगस्त को कर्मश्री संस्था निकालेगी विशाल तिरंगा यात्रा, सीएम होंगे शामिल
X
भोपाल। निरंतर अपने सांस्कृतिक और रचनात्मक आयोजनों के लिए सक्रिय भोपाल की कर्मश्री संस्था 14 अगस्त को अखंड भारत स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करेगी। यात्रा को लेकर संस्था के अध्यक्ष और भोपाल की हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने रविवार को कर्मश्री से जुड़े सभी लोगों के साथ बैठक कर आयोजन संबंधी विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर-घर तिरंगा अभियान के तारतम्य में इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

ज्ञात हो कि विधायक रामेश्वर शर्मा प्रतिवर्ष अखंड भारत के संकल्प के साथ 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करते है। पिछले वर्ष इस यात्रा में 25 हजार से अधिक नागरिकों से सहभागिता की थी। इस साल इससे डेढ़ गुना अधिक लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है। यात्रा हुजूर के मुखर्जी नगर कोलार से संत हिरदाराम नगर तक निकाली जाती है। जिसमें हजारों लोग हाथों में तिरंगा लहराते हुए चलते हैं। रविवार को मानस भवन में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 1500 कार्यकर्ताओं ने बैठक में सहभागिता कर भारत की इस विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की।



जिसके हाथ में तिरंगा हो वो हमारा है, उसका हाथ और साथ नहीं छोड़ेंगे- रामेश्वर शर्मा

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि - सैकड़ों वर्षों तक परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ी भारत माता की आजादी के लिए हजारों संघर्ष हुए। वर्षों तक चले इन संघर्षों में लाखों लोगों ने अपनी जान की कीमत चुकाई है। उनके बलिदान के परिणामस्वरूप हमारी भारत माता स्वाधीन हुईं। लेकिन स्वाधीनता के साथ माँ भारती को एक दंश भी मिला। तत्कालीन नेताओं की गलतियों के कारण भारत दो हिस्सों में बट गया और अपने वीरों के बलिदान से मिली यह स्वतंत्रता अधूरी सी रह गई। 14 अगस्त 1947 तक भारत अपनी आजादी के उल्लास में डूबा था लेकिन अगली ही सुबह वह अपने बटवारे के क्षोब में डूब गया।

आजादी के इतने वर्षों बाद भी अखंड भारत की स्मृतियाँ आज भी हमें चैन से नहीं बैठने देती। इसलिए हर वर्ष 14 अगस्त को हम अखंड भारत स्मृति दिवस मनाते हैं। और केवल दिवस ही नहीं मनाते बल्कि कर्मश्री के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों के मन में अखंड भारत के संकल्प को और प्रबल करते हैं। इसी लक्ष्य के साथ हम पुनः 2024 की विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करने जा रहे हैं। इस बार यह यात्रा इतनी विशाल होगी कि भोपाल से निकली अखंड भारत की आवाज पूरे देश के दिलों में गूंजेगी।

उन्होंने आगे कहा कि - शहर में भारी बारिश के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में आप सभी देश भक्तों की उपस्थिति ने बता दिया है कि हमारे लिए देश पहले है और यह तिरंगा यात्रा और भी भव्य और ऐतिहासिक होने वाली है। माननीय मोदी जी ने पुनः हर-घर तिरंगा फहराने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज़ादी के बाद पहली बार यह अवसर देश के नागरिकों को दिया कि वह अपने घर पर तिरंगा लगा सकते हैं। इसलिए हर घर तिरंगा पहुँचे यह हमारा संकल्प होना चाहिए।


सीएम यादव होंगे तिरंगा यात्रा में शामिल

विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव हमारी तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे हैं। आइए अपने मुखिया के नेतृत्व में राष्ट्र उत्सव को धूमधाम से मनाएं। देश के लिए देश भक्त अपनी जान तक दे देते हैं, हमे तो बस राष्ट्र जागरण के लिए जुटना है। यात्रा तो बस 1 घंटे की है पर इसका संदेश बहुत बड़ा है इसलिए भोपाल के हर क्षेत्र के देश भक्तों को जोड़ना है।

मेरा वादा है कि जिसके हाथ में तिरंगा होगा वो सदैव हमारा है, उसका हाथ और साथ हम कभी नहीं छोड़ेंगे। याद रखें हम मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च भले न न जा पाएं, कोई बात नहीं। पर तिरंगे को नमन करना नहीं भूलना है। जहां है जैसे हैं, वैसे ही तिरंगे का सम्मान करना है। शर्मा ने अंत में कहा कि - भीषण बारिश के बाद भी तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए जुटे आप सभी लोगों की राष्ट्रभक्ति प्रणम्य है, आप सभी का आभार।

Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire