Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी: भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो से मंत्रियों ने वीडियो कॉल पर की बात, अनशन खत्म करने की अपील

देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत रविवार तड़के करीब 3 बजे बिगड़ गई। जांच में उनका ग्लूकोज स्तर कम पाया गया

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी: भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो से मंत्रियों ने वीडियो कॉल पर की बात, अनशन खत्म करने की अपील
X

JPSC-JSSC: रांची। झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा। इस बीच सरकार की वार्ता समिति ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। मंत्रियों ने उनकी तबीयत का हाल जाना और अनशन खत्म करने की अपील की।

रात में बिगड़ी तबीयत, ग्लूकोज कम मिला

देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत रविवार तड़के करीब 3 बजे बिगड़ गई। जांच में उनका ग्लूकोज स्तर कम पाया गया। इसके बाद उन्हें जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में ही सलाइन चढ़ाई गई। महतो 31 जुलाई से भूख हड़ताल पर हैं।

मंत्रियों ने दिया बातचीत का भरोसा

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार और वार्ता समिति की सदस्य दीपिका पांडेय सिंह ने वीडियो कॉल पर महतो से बात की। दोनों ने सरकार और छात्रों के बीच बातचीत जारी रहने की जानकारी दी और उनसे अनशन खत्म करने का आग्रह किया।

महतो ने सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया, लेकिन कहा कि जब तक छात्रों की मांगों को आधिकारिक दस्तावेज के जरिए स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार से बातचीत के लिए गए छात्र प्रतिनिधियों के लौटने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।

10 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान

छात्रों और सरकार के बीच शुक्रवार से कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक अंतिम सहमति नहीं बनी है। 8 अगस्त को भी वार्ता समिति ने छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की थी। सरकार ने छात्रों से सुझाव और शिकायत लेने के लिए ईमेल आईडी भी जारी की है।

छात्रों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त को विधानसभा मार्च निकालने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मांगों पर लिखित सहमति मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire