Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Jharkhand Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, 10 लाख में सुपारी देकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, 7 गिरफ्तार

पत्नी पर 10 लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप, पुलिस ने जांच के बाद 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Jharkhand Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, 10 लाख में सुपारी देकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, 7 गिरफ्तार
X

Jharkhand Crime : मेदिनीनगर। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति की कथित प्रताड़ना और दूसरी महिलाओं से बातचीत को लेकर विवाद से परेशान पत्नी ने हत्या की साजिश रची और 10 लाख रुपये की सुपारी दी। मामले में मृतक की पत्नी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मामला 23 सितंबर का है, जब एकता जंगल से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी पंकज उरांव के रूप में हुई। पंकज के पिता ने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शव की पहचान के बाद लेस्लीगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंकज की पत्नी अनिमा कुमारी से पूछताछ की गई। पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि अनिमा ने अपने पिता को मिले एनएच मुआवजे की राशि में से 10 लाख रुपये हत्या की सुपारी के लिए दिए थे। इसमें से करीब 8 लाख रुपये तेतरी देवी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।

फर्जी नाम से युवक को बुलाया

जांच के मुताबिक, रिंकी देवी ने दूसरे मोबाइल नंबर से पंकज से संपर्क किया और खुद को ‘काजल’ बताया। इसके बाद उसे मिलने के बहाने सतबरवा बुलाया गया और एकता जंगल ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर शव जंगल में छोड़ दिया गया।

पुलिस ने मामले में अनिमा कुमारी, तेतरी देवी, पिंटू कुमार, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के पास से एक कार, मृतक का मोबाइल, पांच अन्य मोबाइल फोन, 12,850 रुपये नकद, एसबीआई की पासबुक और चेकबुक बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire