Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Iran: क्या अमेरिकी हमले से पहले फोर्डो परमाणु केंद्र का सामान किया गया शिफ्ट ? सैटेलाइट तस्वीरों से बड़ा खुलासा

Iran: क्या अमेरिकी हमले से पहले फोर्डो परमाणु केंद्र का सामान किया गया शिफ्ट ? सैटेलाइट तस्वीरों से बड़ा खुलासा
X

Iran: नई दिल्ली: रविवार तड़के अमेरिका ने ईरान (Iran) के तीन प्रमुख परमाणु केंद्रों पर हवाई हमले किए, जिनमें फोर्डो परमाणु केंद्र सबसे अहम था। अमेरिका ने बी-2 स्टील्थ बॉम्बर से 30,000 पाउंड के छह बंकर बस्टर बमों से हमला किया, जिससे फोर्डो को भारी नुकसान पहुंचा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि फोर्डो पूरी तरह नष्ट हो चुका है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने हमले से पहले ही फोर्डो से महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया था।

सैटेलाइट तस्वीरों से हुआ खुलासा

19 और 20 जून की हाई रेजोल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों में फोर्डो के पास ट्रकों की भारी आवाजाही दिखाई दी। 19 जून को 16 कार्गो ट्रक केंद्र के पास देखे गए, और अगले दिन भी यही स्थिति थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ईरान ने सामान स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि क्या सारा सामान शिफ्ट हो पाया या हमले के दौरान यह प्रक्रिया अधूरी रह गई।


बंकर बस्टर बमों की मारक क्षमता

फोर्डो परमाणु केंद्र भूमिगत होने के कारण सामान्य मिसाइलों से नष्ट करना मुश्किल था। पहले इस्राइल के हमले भी इसे ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सके थे। लेकिन अमेरिका के बंकर बस्टर बम, जो विशेष रूप से सुरंगों और बंकरों को नष्ट करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं, ने फोर्डो को भारी क्षति पहुंचाई।

ट्रंप की चेतावनी

हमले के बाद ट्रंप ने कहा, "ईरान के पास अब भी शांति का रास्ता चुनने का समय है। अगर उसने हमला किया, तो हम और सटीक हमले करेंगे। कई लक्ष्य अभी बाकी हैं।" ट्रंप ने इसे अब तक का सबसे घातक हमला बताया और चेतावनी दी कि शांति न हुई तो ईरान के लिए विनाशकारी परिणाम होंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire