Top
Begin typing your search above and press enter to search.

अमेरिका के साउथ कैरोलिना में पार्क में फायरिंग, पुलिस अधिकारी की मौत; दूसरा घायल, संदिग्ध भी ढ़ेर

दो पुलिस अधिकारी घरेलू विवाद की सूचना मिलने के बाद पार्क पहुंचे

अमेरिका के साउथ कैरोलिना में पार्क में फायरिंग, पुलिस अधिकारी की मौत; दूसरा घायल, संदिग्ध भी ढ़ेर
X

कोलंबिया। अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य के कोलंबिया शहर में शनिवार को पार्क में हुई फायरिंग में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा अधिकारी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर की भी मौत हो गई है। घटना हेजलवुड रोड स्थित साउथईस्ट पार्क में हुई।

घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंचे थे अधिकारी

कोलंबिया पुलिस विभाग के प्रमुख डब्ल्यूएच स्किप होलब्रुक ने बताया कि दो पुलिस अधिकारी घरेलू विवाद की सूचना मिलने के बाद पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान वहां गोलीबारी शुरू हो गई। ड्यूटी पर तैनात 29 वर्षीय पुलिस अधिकारी क्रिस डीलोंग को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। दूसरे अधिकारी डेविड डाइमॉक भी घायल हुए हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

50 साल बाद ड्यूटी पर पुलिसकर्मी की मौत

पुलिस के अनुसार घटनास्थल को दोपहर करीब 12 बजे तक सुरक्षित कर लिया गया था। जांच के चलते लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोलंबिया में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से जान गंवाने वाले आखिरी पुलिस अधिकारी लेफ्टिनेंट फिलिप जॉर्ज श्लाटेरेर थे। उनकी मौत 25 जुलाई 1974 को हुई थी।

केंटकी और वर्जीनिया में भी फायरिंग

अमेरिका में हाल के दिनों में गोलीबारी की अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। केंटकी के लेक्सिंगटन में चार्ल्स यंग पार्क में फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हुए थे। घायलों में 4 साल का बच्चा और 14 साल का किशोर भी शामिल था। वहीं, वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में गोलीबारी में पांच लोग घायल हुए थे, जिसके बाद कैंपस में लॉकडाउन किया गया था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire