दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में पायलट भिड़े, इजराइल ने भेजे फाइटर जेट; हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप
दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में पायलट भिड़े

नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को हवा में पायलटों के बीच झड़प से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान विमान से पहले 7700 और फिर 7500 इमरजेंसी कोड भेजा गया। 7500 कोड संभावित हाईजैक या गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है, जिसके बाद इजराइल में सुरक्षा अलर्ट बढ़ गया।
विमान अचानक नीचे आया, इजराइल ने फाइटर जेट भेजे
रिपोर्टों के अनुसार झड़प के दौरान विमान तेजी से नीचे आया और उसका रूट भी बदला गया। संभावित खतरे को देखते हुए इजराइली वायुसेना के लड़ाकू विमान रवाना किए गए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।
WATCH: Terrifying footage of the incident, recorded from a passenger window aboard the aircraft flydubai.
- Yedioth Ahronot News. https://t.co/ySOKQzuz3l
— Open Source Intel (@Osint613) September 30, 2026
पायलटों के बीच विवाद से शुरू हुआ मामला
इजराइली अधिकारियों के अनुसार, विमान में हाईजैकिंग नहीं हुई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। यात्रियों और क्रू ने भी स्थिति संभालने में मदद की। हालांकि, घटना की पूरी वजह की जांच जारी है।
तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों को वापस तेल अवीव पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है।
7700 और 7500 कोड का क्या मतलब?
विमानन में 7700 सामान्य आपात स्थिति का संकेत है, जबकि 7500 विमान में संभावित गैरकानूनी हस्तक्षेप या हाईजैक की आशंका बताता है। इसी वजह से FZ1073 से 7500 कोड मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई थीं।


