Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में बड़ा हादसा : 250 यात्रियों को ले जा रही नाव में लगी आग; 5 की मौत, कई लापता

Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में बड़ा हादसा : 250 यात्रियों को ले जा रही नाव में लगी आग; 5 की मौत, कई लापता
X

Ferry Fire In Indonesia Madura Island: इंडोनेशिया में समुद्र के बीच एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मदुरा द्वीप के पास सुमेनेप रीजेंसी के नजदीक हुए इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद समुद्र में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

सुराबाया से मकासर जा रही थी फेरी

जानकारी के मुताबिक, यात्री फेरी KM Mutiara Sentosa 2 पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर की ओर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद मदुरा द्वीप के पास अचानक फेरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और जहाज से घना काला धुआं उठने लगा।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फेरी में करीब 271 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे। आग लगने के बाद आसपास मौजूद कई जहाजों को राहत एवं बचाव अभियान में लगाया गया।

225 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

हादसे की जानकारी मिलते ही इंडोनेशियाई प्रशासन और बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं। कई बचाव जहाजों की मदद से करीब 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ यात्रियों को रेस्क्यू जहाजों पर पहुंचाया गया, जबकि बचाव अभियान के दौरान कुछ लोग फेरी पर भी मौजूद थे।

फिलहाल समुद्र में लापता 41 लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।

पैसेंजर मेनिफेस्ट ने बढ़ाई परेशानी

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अधिकारियों के सामने एक बड़ी चुनौती यात्रियों की सही संख्या और पहचान को लेकर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पैसेंजर मेनिफेस्ट में खामियों के कारण जहाज पर सवार लोगों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान सुनिश्चित करने में परेशानी हो रही है। ऐसे में लापता लोगों की सही जानकारी जुटाने का काम भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर सामने आया हादसे का वीडियो

फेरी में आग लगने के बाद घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। वीडियो में जहाज के ऊपरी हिस्से से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है। कुछ यात्रियों को लाइफ जैकेट पहने हुए जहाज के एक हिस्से में इकट्ठा देखा गया, जबकि कुछ लोगों के समुद्र में कूदने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।


इंडोनेशिया में पहले भी हो चुके हैं फेरी हादसे

इंडोनेशिया में समुद्री फेरी परिवहन का प्रमुख साधन है। हजारों द्वीपों वाले इस देश में बड़ी संख्या में लोग रोजाना यात्री नावों से सफर करते हैं। हालांकि, ओवरलोडिंग, सुरक्षा मानकों की कमी और जरूरी बचाव उपकरणों की अनुपलब्धता के कारण यहां समय-समय पर गंभीर समुद्री हादसे सामने आते रहे हैं।

जुलाई 2025 में भी नॉर्थ सुलावेसी प्रांत के तट के पास KM Barcelona 5 नामक यात्री जहाज में आग लग गई थी। उस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी और करीब 150 यात्रियों को बचाया गया था।

फिलहाल मदुरा द्वीप के पास हुए इस हादसे में बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की नजर समुद्र में लापता 41 लोगों की तलाश पर है। हादसे की वजह का आधिकारिक रूप से पता लगाने के लिए जांच भी शुरू की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire