Blast in Pakistan: पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान जोरदार धमाका, 7 की मौत; 18 घायल, आत्मघाती हमले की आशंका
Blast in Pakistan

Blast in Pakistan: इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक शांति रैली के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शांति रैली के दौरान हुआ धमाका
जिला प्रशासन के अनुसार, विस्फोट स्वात जिले के कबाल कस्बे में उस समय हुआ, जब स्वात अमन जिरगा की ओर से शांति रैली निकाली जा रही थी। रैली में बड़ी संख्या में लोग क्षेत्र में शांति बहाल करने और बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, धमाका पुलिस स्टेशन के बाहर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
आत्मघाती हमले की आशंका
स्वात के पुलिस प्रमुख मोहम्मद ओमर ने बताया कि घटनास्थल से एक कटा हुआ सिर मिला है। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह आत्मघाती हमलावर का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
जांच जारी, किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
धमाके के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


