Top
Begin typing your search above and press enter to search.

अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक, 22 आतंकियों के मारे जाने का पाकिस्तानी दावा; तालिबान ने बताया महिलाएं और बच्चे समेत 9 की मौत

कुनार और हेलमंद में हवाई हमले का दावा

अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक, 22 आतंकियों के मारे जाने का पाकिस्तानी दावा; तालिबान ने बताया महिलाएं और बच्चे समेत 9 की मौत
X

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जुबैहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में 9 अफगान नागरिकों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। हमले कुनार और हेलमंद प्रांत में हुए।

तीन घर तबाह होने का दावा

मुजाहिद के मुताबिक, कुनार के शुल्तान जिले के चुगाम और हेलमंद के गरमसर जिले के सफर इलाके में पाकिस्तानी विमानों ने नागरिक घरों को निशाना बनाया। उन्होंने तीन मकानों के तबाह होने की भी बात कही। तालिबान प्रवक्ता ने हमले को आक्रामकता और अपराध बताते हुए इसकी निंदा की।

पाकिस्तान बोला- 22 आतंकी मारे गए

पाकिस्तान ने इन आरोपों से अलग दावा किया है। उसके सूचना मंत्रालय के अनुसार, हवाई हमले आतंकियों के ठिकानों पर किए गए थे। पाकिस्तान ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार्रवाई में 22 आतंकवादी मारे गए और हथियार व गोला-बारूद नष्ट किए गए। पाकिस्तान का कहना है कि नागरिक नुकसान से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरती गईं।

दोनों देशों के दावों में बड़ा अंतर

अफगानिस्तान जहां नागरिकों के मारे जाने की बात कह रहा है, वहीं पाकिस्तान इसे आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई बता रहा है। दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तान तालिबान सरकार पर अफगानिस्तान की जमीन से पाकिस्तान में हमले करने वाले आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाता है। तालिबान इन आरोपों को खारिज करता है।

लगातार बढ़ रहा सीमा तनाव

हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सीमा पार हमलों और सैन्य कार्रवाई की कई घटनाएं सामने आई हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, ताजा हमले करीब तीन महीने की अपेक्षाकृत शांति के बाद तनाव बढ़ने का नया संकेत हैं। संयुक्त राष्ट्र मिशन ने भी इस साल सीमा पार हिंसा से अफगानिस्तान में 1,100 से ज्यादा नागरिकों के मारे जाने या घायल होने का दस्तावेजीकरण किया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire