India Tour of New Zealand: भारत का न्यूजीलैंड दौरा 2026: 40 दिनों में 12 मुकाबले, क्रिकेट फैंस को मिलेगा रोमांच का डबल डोज
India Tour of New Zealand: नई दिल्ली: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र 2026/27 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस शेड्यूल का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय टीम का लंबा न्यूजीलैंड दौरा है, जो 22 अक्तूबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। करीब 40 दिनों के इस दौरे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच सहित कुल 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे।
भारत के दौरे को बताया ऐतिहासिक अवसर
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग एवं कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इसे दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों का जश्न बताया। उनके अनुसार, भारतीय टीम का आगमन न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक विशेष अवसर है और यह दौरा खेल के साथ-साथ दोनों देशों की संस्कृति और दोस्ती को भी मजबूत करेगा। न्यूजीलैंड सरकार ने भी इस ऐतिहासिक श्रृंखला को अपना समर्थन दिया है।
टी20 सीरीज से होगी शुरुआत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 22 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में होगा। दूसरा मुकाबला 24 अक्तूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा टी20 27 अक्तूबर को वेलिंगटन, चौथा 30 अक्तूबर को ऑकलैंड और पांचवां व अंतिम टी20 एक नवंबर को हैमिल्टन में आयोजित किया जाएगा।
वनडे सीरीज में होगी कड़ी टक्कर
टी20 श्रृंखला के बाद दोनों टीमें वनडे क्रिकेट में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद सात नवंबर को वेलिंगटन, 10 नवंबर को हैमिल्टन, जबकि चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को टौरंगा के बे ओवल मैदान पर आयोजित होंगे।
टेस्ट सीरीज पर रहेंगी सभी की नजरें
दौरे का सबसे अहम चरण दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। वहीं दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में आयोजित होगा, जिसके साथ इस बहुप्रतीक्षित दौरे का समापन होगा।
प्रसारण और टिकटों को लेकर बढ़ा उत्साह
इस सीरीज का प्रसारण स्काई न्यूजीलैंड द्वारा किया जाएगा, जिसने अगले छह वर्षों के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट के प्रसारण अधिकार हासिल किए हैं। बोर्ड को उम्मीद है कि भारत के दौरे के लिए टिकटों की रिकॉर्ड मांग देखने को मिलेगी। प्रशंसकों को अगस्त में शुरू होने वाली विशेष प्री-सेल के लिए पहले से पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।
प्रतिद्वंद्विता के नए अध्याय की तैयारी
पिछले कुछ वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व क्रिकेट के कई यादगार मुकाबले हुए हैं। ऐसे में 2026 का यह लंबा दौरा दोनों टीमों की प्रतिद्वंद्विता में एक और रोमांचक अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज सीरीज पर टिकी हुई हैं, जहां दोनों टीमें मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने उतरेंगी।

