Top
Begin typing your search above and press enter to search.

India Natural Gas Reserve: 'समुद्र मंथन' से भारत को मिला खजाना, अंडमान सागर में मिला प्राकृतिक गैस का नया भंडार

India Natural Gas Reserve: समुद्र मंथन से भारत को मिला खजाना, अंडमान सागर में मिला प्राकृतिक गैस का नया भंडार
X

India Natural Gas Reserve: नई दिल्ली। भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। सरकारी तेल एवं गैस कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान सागर में गहरे समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की मौजूदगी का पता लगाया है। यह खोज ऐसे समय में हुई है जब देश आयातित ऊर्जा पर निर्भरता कम करने और घरेलू उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों को तेज कर रहा है।

कंपनी के अनुसार, अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर और 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में स्थित ‘श्री विजयपुरम-3’ नामक अन्वेषणात्मक कुएं में हाइड्रोकार्बन और प्राकृतिक गैस के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक परीक्षण के दौरान गैस की पुष्टि हुई है और अब इसके नमूनों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।

ऑयल इंडिया ने डीप-वाटर एक्सप्लोरेशन अभियान के तहत अंडमान बेसिन में अब तक तीन कुओं की ड्रिलिंग की है। इनमें से दो कुओं में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है, जो इस क्षेत्र की संभावनाओं को और मजबूत करती है। इससे पहले वर्ष 2025 में विजयपुरम-2 कुएं में भी प्राकृतिक गैस मिलने की जानकारी सामने आई थी।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस उपलब्धि पर ऑयल इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह खोज भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता, समुद्री संसाधनों के बेहतर उपयोग और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire