Top
Begin typing your search above and press enter to search.

स्कूल के शेड पर गिरी हाइटेंशन लाइन, बाल-बाल बचे बच्चे

स्कूल के शेड पर गिरी हाइटेंशन लाइन, बाल-बाल बचे बच्चे
X

भोपाल। राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित गिन्नौरी में एक बड़ी घटना हुई, जिसमें बच्चों की जान बाल-बाल बची। यहां एक बजे के आसपास हाइटेंशन लाइन में लगे डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) में आग लग गई, जिससे लाइन टूटकर गिर गई। यह हादसा उस समय हुआ जब नर्सरी स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और बच्चे स्कूल के बाहर खड़े थे।

हाइटेंशन लाइन के टूटने के बाद ब्लास्ट की तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कुछ बच्चे स्कूल के अंदर भागे, जबकि कुछ सड़क की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि बच्चे इस हादसे में किसी भी तरह की चपेट में नहीं आए। लाइन टूटते ही स्कूल के बाहर खड़े बच्चों के परिजन अपने बच्चों को गोद में उठाकर तुरंत भागे और सुरक्षित स्थान पर ले गए। स्कूल के शेड पर गिरी हाइटेंशन लाइन से करंट फैलने का खतरा भी पैदा हो गया था, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह लाइन पहले भी कई बार टूट चुकी है, लेकिन बिजली कंपनी द्वारा न तो इसे शिफ्ट किया गया है और न ही कोई सुधार किया गया है।

आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर कंट्रोल रूम और बिजली कंपनी को तुरंत जानकारी दी गई। फतेहगढ़ फायर स्टेशन से पहुंचे दमकलकर्मियों ने एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया, और स्कूल प्रशासन तथा स्थानीय निवासियों ने बिजली कंपनी से तत्काल सुधार की मांग की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire