Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Former PM Thaksin Shinawatra: भ्रष्टाचार मामले में सजा काट चुके पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा को शाही माफी, सजा और पैरोल दोनों से मिला छुटकारा

Former PM Thaksin Shinawatra: भ्रष्टाचार मामले में सजा काट चुके पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा को शाही माफी, सजा और पैरोल दोनों से मिला छुटकारा
X

Former PM Thaksin Shinawatra: बैंकॉक। थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा को बड़ी राहत मिली है। शाही माफी मिलने के बाद उनकी पैरोल अवधि समय से पहले समाप्त कर दी गई है, जिससे वह अपनी सजा से जुड़े सभी कानूनी दायित्वों से औपचारिक रूप से मुक्त हो गए हैं। 76 वर्षीय थाकसिन हाल ही में जेल से रिहा हुए थे और उनकी रिहाई के बाद से ही देश की राजनीति में उनकी संभावित भूमिका को लेकर चर्चाएं जारी थीं।

थाईलैंड के राजा महा वाचिरालोंगकोन द्वारा जारी माफी आदेश रॉयल गजट में प्रकाशित होने के बाद प्रभावी हुआ। यह फैसला रानी सुतिदा के जन्मदिन के अवसर पर घोषित विशेष माफी योजना के तहत लिया गया। थाकसिन इस राहत के पात्र थे क्योंकि उनकी सजा की अवधि का एक छोटा हिस्सा ही शेष बचा था और वह पहले से पैरोल पर थे।

दूरसंचार उद्योग से राजनीति में आए थाकसिन ने 1998 में अपनी राजनीतिक पार्टी की स्थापना की थी और 2001 से 2006 तक थाईलैंड के प्रधानमंत्री रहे। हालांकि 2006 में सैन्य तख्तापलट के बाद उन्हें सत्ता छोड़नी पड़ी और लंबे समय तक निर्वासन में रहना पड़ा।

भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में उन्हें आठ साल की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में शाही आदेश से घटाकर एक वर्ष कर दिया गया। अब शाही माफी के बाद उनकी कानूनी प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त हो गई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में अब भी इस बात को लेकर चर्चा है कि भविष्य में उनकी भूमिका कितनी सक्रिय रहेगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire