Top
Begin typing your search above and press enter to search.

डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाश गिरफ्तार, देशी पिस्टल व दो कारतूस समेत 16 लाख का माल बरामद

डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाश गिरफ्तार, देशी पिस्टल व दो कारतूस समेत 16 लाख का माल बरामद
X

भोपाल। राजधानी की अयोध्या नगर पुलिस ने हथाईखेड़ा डैम के पास अरहेड़ी गांव रोड पर सडक़ किनारे डकैती की योजना बना रहे पांच सशस्त्र बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजीव नगर के एक घर में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। उनके कब्जे से सोने चांदी के आभूषण, एक देशी पिस्टल व दो कारतूस समेत तीन छुरियां व घटना में प्रयुक्त दो पल्सर बाइक सहित सामान मिलाकर पूर्व की 5 चोरियो का 16 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। सभी आरोपी रिकार्डेड बदमाश हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि कोई जल्दी अमीर बनने तो कोई महंगे शौक पूरे करने के लिए चोर बना था तथा कुछ आरोपी अपने ऊपर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों में रेकी और चोरी करने की अलग-अलग गैंग बनी हुई थी जो योजनाबद्ध तरीके से काम करती थी।

आरोपियों ने भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र को अपना अड्डा बनाया हुआ था। वह बारी-बारी से रेकी करने के बाद अयोध्या नगर के मकानो में ही चोरी की घटनाओ को अंजाम देते थे। अब तक शातिर चोर थाने क्षेत्र के पांच मकान को अपना निशाना बना चुके थे,और छठवें मकान में डकैती की योजना बना रहे थे, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि चोरों में एक सागर जिले का रहने वाला है और शेष चार आरोपी भोपाल के हैं। पुलिस को 30 दिसंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरहेड़ी गांव रोड पर हथाईखेड़ा डैम के पास अंधेरे में छिपे सशस्त्र बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुख्ता घेराबंदी के आगे उनकी एक न चली।

पुलिस ने मौके से पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के नाम शिवनारायण प्रजापति, जितेन्द्र राजपूत, रजत कुंडे, जसवंत सेन व नीरज मालवीय बताए गए हैं। इनमें से आरोपी जितेन्द्र राजपूत सागर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण,दो बाइक,देशी पिस्टल व दो कारतूस समेत तीन छुरियां, अलमारी का लॉकर तोडऩे के लिए इस्तेमाल होने वाले लोहे के टॉमी, मिर्ची पाउडर, रस्सी व टार्च आदि सामान बरामद किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी राजीव नगर में किसी ठाकुर के घर में डकैती की योजना बना रहे थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने बदमाशों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire