Top
Begin typing your search above and press enter to search.

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप में गोल्डन बूट की रेस हुई इंटरेस्टिंग; 7-7 गोल के साथ मेसी और एमबाप्पे बराबरी पर, जानिए क्या कहता है नियम?

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप में गोल्डन बूट की रेस हुई इंटरेस्टिंग; 7-7 गोल के साथ मेसी और एमबाप्पे बराबरी पर, जानिए क्या कहता है नियम?
X

FIFA World Cup 2026: खेल डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 में 'गोल्डन बूट' (टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार) की जंग अब अपने सबसे दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ-16 के बेहद कड़े मुकाबले में पेनल्टी पर निर्णायक गोल दागकर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि गोल्डन बूट की रेस में अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी की बराबरी भी कर ली है। दोनों स्टार खिलाड़ियों के नाम अब इस टूर्नामेंट में 7-7 गोल दर्ज हो चुके हैं। हालांकि, मेसी ने यह जादुई आंकड़ा महज 4 मैचों में छू लिया था, जबकि एमबाप्पे ने यहां तक पहुंचने के लिए 5 मैच खेले हैं।

मेसी के ऑल-टाइम रिकॉर्ड के करीब एमबाप्पे

इस गोल के साथ किलियन एमबाप्पे ने विश्व कप इतिहास में अपने कुल गोलों की संख्या 19 कर ली है। अब वह वर्ल्ड कप इतिहास में मेसी के 20 गोलों के सर्वकालिक रिकॉर्ड से महज एक कदम दूर हैं। फीफा विश्व कप 2026 की बात करें, तो नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड और इंग्लैंड के हैरी केन 5-5 गोल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।

वहीं उस्मान डेम्बेले, मिकेल ओयारजाबाल, इस्माइला सार और विनीसियस जूनियर 4-4 गोल दागकर रेस में बने हुए हैं। दूसरी तरफ, पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस बार फीके नजर आ रहे हैं। 4 मैचों में केवल 3 गोल करने के कारण वह इस रेस में काफी पिछड़ चुके हैं।

टाई होने पर 'असिस्ट' दिलाएगा एमबाप्पे को फायदा, नियम क्या कहता है?

फीफा के नियमों के मुताबिक, यदि टूर्नामेंट के खत्म होने पर दो खिलाड़ियों के गोल बराबर रहते हैं, तो विजेता का फैसला 'असिस्ट' (गोल करने में की गई मदद) के आधार पर होता है। अगर असिस्ट भी बराबर हों, तो मैदान पर कम समय (मिनट) बिताने वाले खिलाड़ी को ट्रॉफी दी जाती है। फिलहाल इस मामले में एमबाप्पे (2 असिस्ट) ने मेसी (0 असिस्ट) पर बढ़त बना रखी है।

गोल्डन बूट की रेस

काइलियन एमबाप्पे (फ्रांस) – 7 गोल

लियोनेल मेस्सी (अर्जेंटीना) – 7 गोल

एर्लिंग हालैंड (नॉर्वे) – 5 गोल

हैरी केन (इंग्लैंड) – 5 गोल


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire