Top
Begin typing your search above and press enter to search.

किसानों ने दिल्ली कूच टाला, 19 मार्च को केंद्र से होगी अगली बातचीत

किसानों ने दिल्ली कूच टाला, 19 मार्च को केंद्र से होगी अगली बातचीत
X

नई दिल्ली: शंभू बॉर्डर पर रविवार को हुई बैठक के बाद सोमवार सुबह किसान नेताओं ने एक बार फिर चर्चा की। इसके बाद किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने ऐलान किया कि 25 फरवरी को प्रस्तावित दिल्ली कूच को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के साथ दो बैठकें हो चुकी हैं और अगली बैठक 19 मार्च को होगी। यदि इसमें मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 25 मार्च को 101 किसानों का जत्था दिल्ली के लिए कूच करेगा।

यह निर्णय किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) की संयुक्त बैठक में लिया गया। किसान फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सहित कई मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। शनिवार को चंडीगढ़ में केंद्र के साथ छठे दौर की बातचीत ढाई घंटे चली, लेकिन नतीजा नहीं निकला।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही, लेकिन आंकड़ों पर सहमति बाकी है। उन्होंने, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल ने जगजीत सिंह डल्लेवाल से अनशन खत्म करने की अपील की, पर डल्लेवाल ने एमएसपी की गारंटी तक अनशन जारी रखने की बात कही। बैठक में पंजाब सरकार के मंत्री और 28 किसान नेता मौजूद थे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire