Fake IRCTC Accounts: रेलवे ने फर्जी IRCTC अकाउंट्स पर सख्त कार्रवाई, 3 करोड़ से ज्यादा ID बंद
Fake IRCTC Accounts: नई दिल्ली। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि भारतीय रेलवे ने टिकट दलाली और फर्जी बुकिंग पर लगाम लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। वर्ष 2025 में रेलवे ने करीब 3.04 करोड़ फर्जी यूजर आईडी को स्थायी रूप से बंद कर दिया, जबकि 2.94 करोड़ अकाउंट्स को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया। इनमें से केवल 1.80 लाख अकाउंट्स को बाद में दोबारा सक्रिय किया गया।
Fake IRCTC Accounts: 88% टिकट अब ऑनलाइन बुक हो रहे हैं
रेलवे मंत्री ने संसद में यह भी बताया कि देश में अब लगभग 88 प्रतिशत रिजर्व्ड रेलवे टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा रहे हैं। फरवरी 2025-26 तक के आंकड़ों के अनुसार, 48.25 करोड़ टिकट IRCTC की वेबसाइट और ऐप के जरिए बुक हुए, जबकि काउंटर से केवल 6.15 करोड़ टिकट ही बेचे गए। यह आंकड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता को साफ दर्शाते हैं।
Fake IRCTC Accounts: आधार वेरिफिकेशन से फर्जीवाड़े पर अंकुश
टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए सरकार ने नए नियम लागू किए हैं। 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट केवल आधार वेरिफाइड यूजर्स ही ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इसी तरह, जनरल रिजर्वेशन खुलने के पहले दिन भी ऑनलाइन बुकिंग केवल आधार से लिंक किए गए अकाउंट्स के माध्यम से ही संभव होगी। हालांकि, जिन यूजर्स ने अभी आधार लिंक नहीं कराया है, उनके अकाउंट बंद नहीं किए गए हैं।
Fake IRCTC Accounts: एंटी-बॉट तकनीक और CDN से 64% संदिग्ध ट्रैफिक रोका
रेलवे ने फर्जी बुकिंग पर अंकुश लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है। वेबसाइट पर कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क (CDN) लगाया गया है और एंटी-बॉट सिस्टम के जरिए 64 प्रतिशत संदिग्ध ट्रैफिक को सफलतापूर्वक रोका गया है। इसके अलावा, 4.07 लाख संदिग्ध PNR की पहचान की गई है, जिनमें से 408 मामलों की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई गई है। रेलवे ने 13,023 संदिग्ध ईमेल डोमेन को भी ब्लॉक कर दिया है।
Fake IRCTC Accounts: IRCTC छोटा कन्वीनियंस शुल्क ले रहा है
ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम को लगातार अपग्रेड और बेहतर बनाने के लिए IRCTC एक मामूली कन्वीनियंस शुल्क वसूल रहा है। सरकार का कहना है कि यह शुल्क सिस्टम की सुरक्षा, गति और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद कर रहा है।
Fake IRCTC Accounts: वेटिंग टिकट कैंसिलेशन पर क्लर्केज चार्ज पहले की तरह
रेलवे ने स्पष्ट किया कि वेटिंग टिकट कैंसिल करने पर क्लर्केज चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह पुरानी व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आधार वेरिफिकेशन, एंटी-बॉट तकनीक और सख्त निगरानी के जरिए टिकटिंग सिस्टम को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और आम यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इन प्रयासों से टिकट दलालों और फर्जी बुकिंग गैंग पर काफी हद तक लगाम लगी है।

