Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Facebook Friendship Scam : नाबालिग ने फर्जी ID से लड़कियों को लूटा, सहेलियों से भी ठगी, पुलिस ने दबोचा

पीड़िताओं की शिकायत पर जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।

Facebook Friendship Scam : नाबालिग ने फर्जी ID से लड़कियों को लूटा, सहेलियों से भी ठगी, पुलिस ने दबोचा
X

Facebook Friendship Scam : जशपुर। जिले में फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों से दोस्ती करने और फिर उन्हें लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर नाबालिग ने हैंडसम लड़के की फोटो लगाकर फर्जी प्रोफाइल बनाई और लड़कियों को झांसे में लेकर मोबाइल फोन और पैसे लूट लिए। पीड़िताओं की शिकायत पर जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।

फर्जी आईडी से दोस्ती, फिर लूटपाट-

पुलिस के अनुसार, कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्र की नाबालिग पीड़िताओं ने शिकायत दर्ज की थी। आरोपी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। चैटिंग के दौरान विश्वास जीतने के बाद, उसने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। 26 जून को कुनकुरी में एक नाबालिग लड़की को शाम 7:30 बजे एक सुनसान जगह पर बुलाया गया। नकाब लगाकर आए आरोपी ने चेहरा दिखाने पर पीड़िता को डराया और उसका 11,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।

इसी तरह, 30 जून को दुलदुला थाना क्षेत्र की एक अन्य पीड़िता को नारायणपुर के एक पर्यटक स्थल पर घुमाने के बहाने बुलाया गया। वहां गमछे से चेहरा ढके आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर उसका मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद, आरोपी ने पीड़िता के फोन से पासवर्ड बदलकर 25,000 रुपये अपने खाते में और 5,000 रुपये अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर कर लिए।

सहेलियों को भी बनाया निशाना-

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पीड़िताओं के मोबाइल से उनकी सहेलियों से संपर्क कर बीमारी का बहाना बनाकर पैसे ऐंठे। उसने फेसबुक चैट के जरिए सहेलियों को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल कर ठगी की। दोनों घटनाओं में लूट का पैटर्न एकसमान था, जिसमें फर्जी प्रोफाइल के जरिए नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाया गया।

पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार-

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम और टेक्निकल सेल ने फर्जी फेसबुक आईडी और यूपीआई ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि 17 वर्षीय नाबालिग ने ये अपराध किए। पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया और उसके कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल बाइक और अन्य साक्ष्य बरामद किए। आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया और उसे बाल संप्रेषण गृह, जशपुर भेज दिया गया।

सतर्कता की अपील-

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी से करें। उन्होंने कहा कि अंजान लोगों से दोस्ती करने से पहले उनकी विश्वसनीयता जांचें, ताकि ऐसी ठगी और लूट की घटनाओं से बचा जा सके। यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को उजागर करता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire