Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर
झाड़-फूंक करने वाले का खुलासा, घर से निकले 18.52 लाख के नोट, आयकर विभाग करेगा जांच...
अब आयकर विभाग इस रकम के स्रोत की जांच करेगा।

UP News : बरेली। यूपी के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र के गुरसौली गांव में एक झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति के घर से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का मामला सामने आया है। जड़ी-बूटियों और ताबीज देकर इलाज करने वाले सैयद अतर अली रईस अहमद के घर से पुलिस ने 18 लाख 52 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। यह नकदी बोरों में 500, 200, 100, 50, 20 और 10 के नोटों के रूप में भरी हुई थी।
UP News : कैसे हुआ खुलासा?
घटना की शुरुआत तब हुई जब सैयद की तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस दौरान, उनकी दोनों बहनों – गुलसफा उर्फ महजबी और कामिल जहां – और मकान मालिक रईस के बीच घर में रखी नकदी को लेकर विवाद हो गया। गांव वालों ने जब इस झगड़े को देखा तो बात पुलिस तक पहुंची। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद बोरों से नकदी निकाली गई, जिसमें कुल 18 लाख 52 हजार रुपए गिनती में पाए गए। पुलिस ने इस रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग को जानकारी दी है। अब आयकर विभाग इस रकम के स्रोत की जांच करेगा।
UP News : कौन है सैयद अतर अली रईस अहमद?
संभल के रहने वाले सैयद अतर अली रईस अहमद गुरसौली गांव में किराए के मकान में रहकर झाड़-फूंक और जड़ी-बूटियों से इलाज करने का काम करते थे। उनका कहना है कि यह रकम उन्हें नज़राना (इनाम) के रूप में मिली है। फिलहाल, उन्होंने इस रकम पर अपना दावा जताते हुए पुलिस से इसे वापस करने की मांग की है, लेकिन पुलिस ने रकम सुपुर्दगी में देने से मना कर दिया है।
UP News : आयकर विभाग करेगा जांच
पुलिस द्वारा नकदी बरामदगी की सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग भी हरकत में आ गया है। विभाग अब यह पता लगाएगा कि यह रकम कहां से आई और क्या यह आयकर अधिनियम का उल्लंघन है। फिलहाल, पुलिस ने सैयद की बहनों और मकान मालिक से पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया है, लेकिन रकम अभी पुलिस के कब्जे में है।
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019


