Top
Begin typing your search above and press enter to search.

EOW Raid : नगर निगम का अफसर निकला करोड़पति, EOW ने की छापेमारी, 1.84 करोड़ की संपत्ति का खुलासा...

इस कार्रवाई में अब तक 1 करोड़ 84 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है और जांच अभी भी जारी है।

EOW Raid : नगर निगम का अफसर निकला करोड़पति, EOW ने की छापेमारी, 1.84 करोड़ की संपत्ति का खुलासा...
X

EOW Raid : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम के उद्यान विभाग में सहायक अधीक्षक चेतन पाटिल के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद EOW की टीम ने मंगलवार सुबह पाटिल के घर और कार्यालय पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में अब तक 1 करोड़ 84 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है और जांच अभी भी जारी है।

दो साल पुरानी शिकायत पर कार्रवाई-

EOW के अधीक्षक रामेश्वर सिंह यादव ने बताया कि चेतन पाटिल, जो 20 साल पहले नगर निगम में मस्टरकर्मी के रूप में शामिल हुए थे, के खिलाफ दो साल पहले शिकायत मिली थी। इसके बाद जांच-पड़ताल के आधार पर EOW ने दो अलग-अलग टीमें गठित कीं, जिनमें तीन से चार वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। टीम ने पाटिल के सुखलिया स्थित गुलमोहर कॉलोनी के तीन मंजिला मकान और नगर निगम कार्यालय में तलाशी ली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फाइलें जब्त की गईं।

4 करोड़ के पौधों की सजावट से उठे सवाल-

जांच में सामने आया कि एनआरआई सम्मेलन के दौरान शहर की सजावट के लिए 4 करोड़ रुपये के पौधे लगाए गए थे, जिसमें उद्यान विभाग की भूमिका थी। चेतन पाटिल इसी विभाग में पदस्थ हैं। EOW की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पाटिल की 20 साल की नौकरी में उनकी आय और वेतन लगभग 17 लाख रुपये रहा, लेकिन उनकी संपत्ति का आकलन 1.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें तीन मंजिला मकान, वाहन, बीमा पॉलिसी, सोने-चांदी के जेवरात, 40 लाख रुपये के बैंक खाते और 1.5 लाख रुपये नकद शामिल हैं।

EOW की जांच जारी-

EOW ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जाएगी, जिसके बाद संपत्ति का सटीक आकलन किया जाएगा। इस कार्रवाई ने नगर निगम में भ्रष्टाचार के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है। स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। EOW की कार्रवाई से शहर में हड़कंप मचा हुआ है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire