Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Toxic : यश की ‘टॉक्सिक’ को मिला A सर्टिफिकेट, बिना कट के पास हुई फिल्म; 3 घंटे से ज्यादा होगा रनटाइम

Toxic : यश की ‘टॉक्सिक’ को मिला A सर्टिफिकेट, बिना कट के पास हुई फिल्म; 3 घंटे से ज्यादा होगा रनटाइम
X

Toxic Movie CBFC A Certificate: मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ अब सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चा के बीच सेंसर सर्टिफिकेशन और रनटाइम से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के कन्नड़ वर्जन को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से A सर्टिफिकेट मिला है। खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड की ओर से फिल्म में किसी तरह के कट की सिफारिश नहीं की गई है।

194 मिनट से ज्यादा लंबी होगी फिल्म

सेंसर सर्टिफिकेट का हवाला देने वाली रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ को CBFC के बेंगलुरु रीजनल ऑफिस से 13 अगस्त को सर्टिफिकेट जारी किया गया। फिल्म का रनटाइम 194 मिनट 12 सेकंड बताया जा रहा है। यानी दर्शकों को यश की यह फिल्म करीब 3 घंटे 14 मिनट तक बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। A सर्टिफिकेट मिलने से साफ है कि फिल्म की सामग्री वयस्क दर्शकों के लिए निर्धारित की गई है।

एक्शन और गैंगस्टर कहानी में नजर आएंगे यश

‘टॉक्सिक’ की कहानी को लेकर मेकर्स ने बहुत ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन अब तक सामने आए ट्रेलर में यश का एक बेहद आक्रामक और दमदार अवतार देखने को मिला है। फिल्म में गैंगस्टर की दुनिया, एक्शन और हिंसा की झलक दिखाई गई है। यश के संभावित डबल रोल को लेकर भी काफी समय से चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

नयनतारा और कियारा समेत बड़ी स्टारकास्ट

फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसका निर्माण वेंकेट के. नारायण ने KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है, जबकि यश भी फिल्म के सह-निर्माता हैं।

‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है और इसे हिंदी, तमिल, तेलुगू तथा मलयालम भाषाओं में डब किया गया है। ऐसे में फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।

पहले टल चुकी है फिल्म की रिलीज

‘टॉक्सिक’ की रिलीज पहले मार्च में पोस्टपोन थी, लेकिन बाद में फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया था। मेकर्स और यश फिल्म को जल्दबाजी में रिलीज करने के बजाय इसके काम को पूरी तरह पूरा करने पर जोर दे रहे थे। अब फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यश के अगले प्रोजेक्ट पर भी नजर

‘टॉक्सिक’ के अलावा यश के अगले बड़े प्रोजेक्ट को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। वह नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ की रिलीज के साथ यश के फैंस की नजर उनकी आने वाली फिल्मों पर भी बनी हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire