Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Udta Teer का ट्रेलर आउट, आयुष्मान बने पाकिस्तानी जासूस; सारा के साथ दिखा एक्शन, इस दिन रिलीज होगी फिल्म

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'उड़ता तीर' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में जासूसी, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिल रहा है।

Udta Teer का ट्रेलर आउट, आयुष्मान बने पाकिस्तानी जासूस; सारा के साथ दिखा एक्शन, इस दिन रिलीज होगी फिल्म
X

मुंबई। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'उड़ता तीर' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में जासूसी, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिल रहा है। फिल्म में आयुष्मान खुराना एक पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि सारा अली खान एक काउंटर-टेररिज्म ऑफिसर की भूमिका निभा रही हैं।

फिल्म के जरिए निर्देशक आकाश ए कौशिक बतौर डायरेक्टर अपनी शुरुआत कर रहे हैं। ट्रेलर रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

आयुष्मान बने पाकिस्तानी एजेंट बिलाल

ट्रेलर में आयुष्मान खुराना बिलाल नाम के पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर का किरदार निभाते नजर आ रहे हैं। कहानी में एक बड़े धमाके के बाद बिलाल की याददाश्त चली जाती है और वह अपनी असली पहचान भूल जाता है।

इसके बाद वह खुद को भारत की काउंटर-टेररिज्म स्क्वॉड (CTS) का अधिकारी समझने लगता है। यही गलत पहचान फिल्म की कहानी में कई मजेदार और रोमांचक मोड़ लेकर आती है।

सारा अली खान निभा रहीं CTS ऑफिसर का किरदार

फिल्म में सारा अली खान एक दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। वह CTS ऑफिसर की भूमिका निभा रही हैं, जिसे बिलाल की असली पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं होती। ट्रेलर में दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री, मिशन और गलतफहमी से पैदा होने वाली परिस्थितियां कहानी को दिलचस्प बनाती हैं।

एक्शन के साथ कॉमेडी और सस्पेंस का मेल

'उड़ता तीर' के ट्रेलर में ट्रेन एक्शन सीक्वेंस, धमाके, जासूसी मिशन और हाई-स्टेक ऑपरेशन देखने को मिलते हैं। इसके साथ ही फिल्म में कॉमेडी और पॉलिटिकल सटायर का भी तड़का लगाया गया है। फिल्म स्पाई-थ्रिलर की कहानी को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश करती नजर आ रही है।



फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा फिल्म में वामिका गब्बी, राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म का निर्माण करण जौहर, गुनीत मोंगा कपूर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और अचिन जैन ने किया है। 'उड़ता तीर' 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire