Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raaka Update : राका में अल्लू अर्जुन का होगा ट्रिपल रोल, रश्मिका निभाएंगी दीपिका की रक्षक का किरदार

‘राका’ की कहानी में फैंटेसी का बड़ा एंगल होने की भी चर्चा है। फिल्म में सामान्य वन्यजीवों के साथ कुछ नए और काल्पनिक क्रिएचर्स को शामिल किए जाने की बात सामने आई है।

Raaka Update : राका में अल्लू अर्जुन का होगा ट्रिपल रोल, रश्मिका निभाएंगी दीपिका की रक्षक का किरदार
X

Allu Arjun Film Raaka: मुंबई। अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। ‘पुष्पा’ सीरीज के बाद अभिनेता को एक नए और अलग अंदाज में देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। एटली के निर्देशन में तैयार हो रही इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना और जान्हवी कपूर के नाम जुड़े हैं। अब फिल्म की कहानी, किरदारों और शूटिंग को लेकर कई दिलचस्प अपडेट सामने आ रहे हैं।

दीपिका के किरदार की सुरक्षा करेंगी रश्मिका?

फिल्म से जुड़ी रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रश्मिका मंदाना कहानी में दीपिका पादुकोण के किरदार की सुरक्षा करती नजर आ सकती हैं। बताया जा रहा है कि दीपिका का किरदार ऐसी परिस्थितियों में फंस जाता है, जहां उसके लिए खुद को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में रश्मिका का किरदार उनकी रक्षक के तौर पर कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रिपोर्ट्स में यह भी चर्चा है कि दीपिका के किरदार का कनेक्शन प्राचीन वैदिक काल से हो सकता है। हालांकि, फिल्म की टीम की ओर से इन डिटेल्स की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

फिल्म में तीन अलग अंदाज में दिख सकते हैं अल्लू अर्जुन

‘राका’ को लेकर सबसे बड़ा चर्चा का विषय अल्लू अर्जुन का संभावित ट्रिपल रोल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता फिल्म में तीन अलग-अलग किरदारों को पर्दे पर उतार सकते हैं। इनमें से एक किरदार को योद्धा के रूप में पेश किए जाने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरे कैरेक्टर में अल्लू अर्जुन का डार्क और रहस्यमयी अंदाज देखने को मिल सकता है। तीसरे किरदार की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो अल्लू अर्जुन के करियर की यह एक बेहद महत्वाकांक्षी भूमिकाओं में से एक हो सकती है।

फैंटेसी और रहस्यमयी क्रिएचर्स से भरी होगी दुनिया

‘राका’ की कहानी में फैंटेसी का बड़ा एंगल होने की भी चर्चा है। फिल्म में सामान्य वन्यजीवों के साथ कुछ नए और काल्पनिक क्रिएचर्स को शामिल किए जाने की बात सामने आई है। इससे फिल्म की दुनिया को बड़े और विजुअली शानदार स्तर पर पेश किया जा सकता है। वहीं जान्हवी कपूर के एक आदिवासी युवती की भूमिका में नजर आने की चर्चा है। इसके अलावा ऐश्वर्या लेक्ष्मी के किरदार को ग्रे शेड से जोड़कर देखा जा रहा है। अलग-अलग तरह के किरदारों की मौजूदगी फिल्म की कहानी को और रहस्यमयी बना सकती है।

रामोजी फिल्म सिटी में तैयार हो रहा बड़ा सेट

फिल्म के आगामी शूटिंग शेड्यूल को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में एक विशाल सेट तैयार किया गया है। इसी सेट पर फिल्म के कुछ बड़े और महत्वपूर्ण सीक्वेंस शूट किए जाने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां इंटरवल ब्लॉक के साथ अल्लू अर्जुन के कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स फिल्माए जा सकते हैं। मेकर्स फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाने की तैयारी में हैं और इसके विजुअल्स पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

फैंस की बढ़ी उत्सुकता

अल्लू अर्जुन का संभावित ट्रिपल रोल, रश्मिका का रक्षक वाला किरदार और दीपिका के कैरेक्टर का रहस्यमयी कनेक्शन ‘राका’ को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। हालांकि, इन सभी जानकारियों पर आधिकारिक मुहर लगना अभी बाकी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire