Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Mirzapur The Movie पर CBFC की चली कैंची, 35 सेकेंड के इंटिमेट सीन और कई गालियों को हटाया

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दी है। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म को CBFC के कई निर्देशों से गुजरना पड़ा।

Mirzapur The Movie पर CBFC की चली कैंची, 35 सेकेंड के इंटिमेट सीन और कई गालियों को हटाया
X

Mirzapur Movie CBFC Cuts : मुंबई। वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बना चुकी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और रवि किशन जैसे कलाकारों से सजी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दी है। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म को CBFC के कई निर्देशों से गुजरना पड़ा। सेंसर बोर्ड ने आपत्तिजनक भाषा और कुछ इंटिमेट दृश्यों में बदलाव के निर्देश दिए, जिसके बाद मेकर्स ने फिल्म में जरूरी संशोधन किए हैं।

गालियों और डायलॉग में किए गए बदलाव

सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान CBFC ने फिल्म में इस्तेमाल किए गए कुछ आपत्तिजनक शब्दों पर आपत्ति जताई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार जगहों पर शब्दों को म्यूट करने के निर्देश दिए गए, जबकि छह जगहों पर गालियों को दूसरे शब्दों से बदलने को कहा गया। इसके अलावा एक डायलॉग में भी बदलाव करने का निर्देश दिया गया।

फिल्म के पहले हिस्से में इस्तेमाल किए गए एक शब्द को बदलकर ‘कमर’ शब्द करने की बात सामने आई है। वहीं, जाति से जुड़े एक संदर्भ में भी संशोधन किया गया। इन बदलावों के बाद फिल्म को सेंसर बोर्ड की ओर से रिलीज के लिए मंजूरी मिल गई।

इंटिमेट सीन्स में भी हुई कटौती

CBFC की कैंची सिर्फ भाषा तक सीमित नहीं रही। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के दो इंटिमेट सीन्स की अवधि कम करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों दृश्यों को करीब 50 फीसदी तक छोटा करने और विजुअल के साथ साउंड में भी जरूरी बदलाव करने को कहा गया।

मेकर्स द्वारा संशोधन किए जाने के बाद कुल करीब 35 सेकेंड की इंटिमेट सामग्री फिल्म से हटा दी गई। हालांकि, फिल्म में मौजूद हिंसा और खून-खराबे वाले दृश्यों को लेकर किसी बड़े कट की मांग नहीं की गई। यानी ‘मिर्जापुर’ की पहचान मानी जाने वाली हिंसक कहानी का असर बड़े पर्दे पर भी देखने को मिल सकता है।

3 घंटे से ज्यादा लंबी होगी फिल्म

सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कुल अवधि 197 मिनट 19 सेकेंड है। यानी दर्शकों को करीब 3 घंटे 17 मिनट लंबी फिल्म देखने को मिलेगी। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसकी लंबी अवधि के साथ कहानी को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।

पुराने चेहरों के साथ नए कलाकार भी आएंगे नजर

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसका निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के एक्सेल एंटरटेनमेंट बैनर के तहत किया गया है। फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की दुनिया से जुड़े कई पुराने और लोकप्रिय किरदार फिर से नजर आएंगे।

पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, राजेश तैलंग, हर्षिता गौर और शीबा चड्ढा समेत कई कलाकार अपनी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इनके अलावा रवि किशन, सुशांत सिंह, सोनल चौहान और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।

बड़े पर्दे पर दिखेगा ‘मिर्जापुर’ का भौकाल

ओटीटी पर कई सीजन तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ की कहानी सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर पेश की जाएगी। CBFC के बदलावों के बावजूद फिल्म में हिंसा और ड्रामा का तड़का बरकरार रहने की उम्मीद है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का भौकाल दर्शकों को कितना पसंद आता है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire