Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Karishma Tanna Baby Boy: करिश्मा तन्ना बनीं मां, 42 की उम्र में बेटे को दिया जन्म; गुरु पूर्णिमा पर घर आया नन्हा मेहमान

Karishma Tanna Baby Boy: करिश्मा तन्ना बनीं मां, 42 की उम्र में बेटे को दिया जन्म; गुरु पूर्णिमा पर घर आया नन्हा मेहमान
X

मुंबई। टीवी और फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा तन्ना के घर खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेत्री 42 साल की उम्र में मां बन गई हैं। करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा ने 29 जुलाई 2026 को अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे का स्वागत किया। खास बात यह है कि उनके घर नन्हे मेहमान का आगमन गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हुआ।

सोशल मीडिया पर साझा की खुशखबरी

करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी तस्वीर के साथ अपने बेटे के जन्म की जानकारी फैंस के साथ साझा की। पोस्ट में नवजात के नन्हे पैरों की तस्वीर दिखाई गई है। कपल ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताते हुए बेटे का दुनिया में स्वागत किया। पोस्ट सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

सेलेब्स और फैंस ने दी शुभकामनाएं

करिश्मा तन्ना के मां बनने की खबर सामने आने के बाद मनोरंजन जगत के कई सितारों ने कपल को बधाई दी। स्मृति ईरानी, सोनू सूद और सोनल चौहान समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं। वहीं, फैंस भी कमेंट्स के जरिए करिश्मा और वरुण पर अपना प्यार लुटा रहे हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान भी एक्टिव रहीं करिश्मा

प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों तक करिश्मा तन्ना सोशल मीडिया पर एक्टिव नजर आईं। कुछ दिन पहले उन्होंने जिम से एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वह डांस करती दिखाई दी थीं। अभिनेत्री ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली परेशानियों का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि आखिरी दिनों में दर्द, पैरों में सूजन और सांस फूलने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इस सफर को सकारात्मक सोच के साथ जीने की कोशिश की।

2022 में हुई थी वरुण बंगेरा से शादी

करिश्मा तन्ना ने बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से 5 फरवरी 2022 को शादी की थी। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। करीब डेढ़ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया था। शादी के करीब चार साल बाद अब कपल के घर बेटे के जन्म से उनकी जिंदगी में खुशियों का नया अध्याय शुरू हो गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire