Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Awarapan 2 का ट्रेलर रिलीज, इमरान हाशमी का एक्शन और दिशा पाटनी की झलक, शबाना आजमी की विलेन एंट्री

Awarapan 2 का ट्रेलर रिलीज, इमरान हाशमी का एक्शन और दिशा पाटनी की झलक, शबाना आजमी की विलेन एंट्री
X

मुंबई। इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, इमोशन और सस्पेंस का मिश्रण देखने को मिल रहा है। इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आ रहे हैं, वहीं शबाना आजमी की दमदार मौजूदगी और दिशा पाटनी की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

बारिश और इमोशन से शुरू होता है ट्रेलर

करीब दो मिनट से ज्यादा लंबे ट्रेलर की शुरुआत एक बेहद इंटेंस सीन से होती है, जहां इमरान हाशमी का किरदार मुश्किल हालात में दिखाई देता है। इसके बाद शबाना आजमी की एंट्री होती है, जो कहानी में एक नया मोड़ लेकर आती हैं। दोनों के बीच संवाद फिल्म के गहरे और भावनात्मक पहलू को दिखाते हैं। ट्रेलर में शिवम पंडित की जिंदगी, उसके संघर्ष और पुराने कर्ज को लेकर कई रहस्यों की झलक दिखाई गई है। बैकग्राउंड में फिल्म के चर्चित गाने ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ की धुन भी सुनाई देती है, जो पुराने ‘आवारापन’ की यादें ताजा करती है।

इमरान हाशमी का जबरदस्त एक्शन अवतार

फिल्म के ट्रेलर में इमरान हाशमी पहले से ज्यादा आक्रामक और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। कई हाई-वोल्टेज एक्शन सीन्स में उनका किरदार दुश्मनों से भिड़ता दिखाई देता है। ट्रेलर का आखिरी हिस्सा खास आकर्षण का केंद्र बना है, जहां इमरान बंदूक के साथ अपने दुश्मनों को चुनौती देते नजर आते हैं। वहीं दिशा पाटनी की छोटी लेकिन प्रभावशाली झलक भी दिखाई गई है, जिससे फिल्म में उनके किरदार को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

दमदार स्टारकास्ट और शानदार म्यूजिक

‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक और अखिल सचदेवा ने संभाली है। मेकर्स ने कोशिश की है कि फिल्म के म्यूजिक में पुरानी ‘आवारापन’ की भावनात्मक विरासत को बरकरार रखा जाए।

14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी फिल्म

फिल्म के पोस्टपोन होने की खबरों के बीच निर्माताओं ने साफ कर दिया है कि ‘आवारापन 2’ तय रिलीज डेट 14 अगस्त 2026 को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की ओर से फिल्म को UA सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। ट्रेलर रिलीज के बाद अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire