पुलिस के डर से भाग रहा था ड्रग तस्कर, दिल का दौरा पड़ने से गई जान...
Rajasthan News : प्रतापगढ़। ड्रग तस्करी के कई मामलों में वांटेड एक कुख्यात तस्कर रब नवाज की पुलिस से बचकर भागने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना तब हुई जब वह गुजरात पुलिस की चपेट से बचने के लिए पिकअप वाहन में सवार होकर प्रतापगढ़ जा रहा था। बांसवाड़ा सीमा क्षेत्र में अचानक उसे हार्ट अटैक आया और वाहन में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पिकअप ड्राइवर शव को लेकर सज्जनगढ़ थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
Rajasthan News : बता दें कि रब नवाज राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अखेपुर का रहने वाला था और उस पर गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में ड्रग तस्करी के कई मामले दर्ज थे। वह मध्य प्रदेश के पिपलिया मंडी थाने का वांटेड था और गुजरात पुलिस भी उसके पीछे लगी हुई थी। मंगलवार को गुजरात के झालोद में उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें उसका साथी आबिद खान पकड़ा गया, लेकिन रब नवाज भाग निकला था।
Rajasthan News : सज्जनगढ़ थानाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि रब नवाज की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई है, इसलिए परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को ले जाने की अनुमति मांगी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। प्रतापगढ़ थानाधिकारी दीपक बंजारा ने बताया कि रब नवाज पर जिले में 5 मामले दर्ज थे और वह एक बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
Rajasthan News : जानकारी के अनुसार, रब नवाज का मादक पदार्थों की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क था, जो राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। कुछ समय पहले भोपाल में पकड़ी गई 1800 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई बार छापेमारी भी की थी, लेकिन वह हर बार फरार हो गया था।

