Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर
Diwali 2024: दीपावली पर लक्ष्मी पूजा कब करें? जाने शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Diwali 2024: नई दिल्ली/मुंबई। आज पूरे भारत में दीपावली का महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में दिवाली को अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस दिन लोग अपने घरों को दीयों, रंगोली और रोशनी से सजाते हैं। दिवाली पर धन, सुख और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देवता की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन मां लक्ष्मी पृथ्वी लोक में भ्रमण करती हैं और जिन घरों में स्वच्छता, सजावट और पूजा-पाठ होता है, वहां निवास करती हैं। इस शुभ अवसर पर लक्ष्मी पूजन के लिए मुहूर्त, पूजा विधि और अन्य विशेष जानकारियों पर एक नज़र डालते हैं।
Diwali 2024: दिवाली अमावस्या तिथि और शुभ मुहूर्त
इस वर्ष दिवाली का पर्व कार्तिक माह की अमावस्या तिथि को 31 अक्तूबर को मनाया जाएगा। अमावस्या तिथि की शुरुआत 31 अक्तूबर को दोपहर बाद 3:52 बजे होगी और इसका समापन 1 नवंबर को शाम 6:16 बजे होगा। दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश पूजन प्रदोष काल, अमावस्या तिथि और स्थिर लग्न में करने की धार्मिक मान्यता है।
इस बार प्रदोष काल की शुरुआत 31 अक्तूबर को शाम 5:36 बजे से होगी और इसका समापन रात 8:11 बजे होगा। इसके अतिरिक्त, वृषभ लग्न का समय 6:25 बजे से रात 8:20 बजे तक रहेगा। इसलिए, लक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ समय 31 अक्तूबर की शाम 6:25 बजे से रात 8:20 बजे तक रहेगा। इस समय में मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा विशेष फलदायी मानी गई है।
Diwali 2024: दिवाली लक्ष्मी पूजा विधि
लक्ष्मी पूजन का सही विधि-विधान से संपादन करना शुभ फलदायक होता है। दिवाली पर पूजा के लिए घर के ईशान कोण (उत्तर-पूर्व) को सबसे उपयुक्त स्थान माना जाता है। सबसे पहले, पूजा स्थल की सफाई करें और सभी आवश्यक पूजा सामग्री एकत्र करें। इसके बाद पूजा स्थल पर एक स्वास्तिक बनाएं और इसके ऊपर चावल की कटोरी रखें। चौकी पर लाल रंग का नया वस्त्र बिछाकर माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और अन्य देवताओं की प्रतिमा स्थापित करें।
इसके बाद गंगाजल का छिड़काव करते हुए पूजा का संकल्प लें। पूजा सामग्री जैसे फूल, धूप, दीप, मिठाई और अन्य प्रसाद का भोग लगाएं। माता लक्ष्मी, भगवान गणेश, कुबेर देव, माता सरस्वती और हनुमान जी की पूजा के दौरान उनका आव्हान करें और विशेष मंत्रोचार करें। अंत में आरती करके सभी देवी-देवताओं की स्तुति करें।
Diwali 2024: पूजा के बाद घर के प्रत्येक कोने में दीप जलाएं और घर को रोशनी से जगमगाएं। यह मान्यता है कि दीपावली की रात को दीप जलाने से पूरे घर में सुख, समृद्धि और शांति का वास होता है। इस तरह दिवाली के पावन अवसर पर मां लक्ष्मी, गणेश जी और कुबेर देवता की पूजा करके अपने घर में सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य का आह्वान करें।
इस दिवाली, शुभ मुहूर्त में माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देवता की पूजा करें और अपने घर में सुख-समृद्धि का स्वागत करें। दीयों की रोशनी से हर कोना चमकाएं और अंधकार पर प्रकाश की इस विजय को मनाएं।
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019


