Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

प्रदेश के बाद कांग्रेस के जिला संगठनों का होगा विस्तार, कई ज़िला अध्यक्षों पर गिर सकती है गाज

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निष्क्रिय जिला अध्यक्षों के स्थान पर जुझारू और जमीन पर काम करने वाले नेताओं को जिला कांग्रेस की कमान सौंपी जाएगी।

प्रदेश के बाद कांग्रेस के जिला संगठनों का होगा विस्तार, कई ज़िला अध्यक्षों पर गिर सकती है गाज
X

MP News : भोपाल। लंबे इंतजार के बाद अक्टूबर के आखिर में कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है। अब कांग्रेस के जिला संगठन का विस्तार किया जाना है। कांग्रेस के जिला प्रभारी और सह प्रभारी जिलों के दौरे पर हैं। वे जनवरी के आखिर तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को मैदानी रिपोर्ट सौंपेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर जिला संगठन का विस्तार किया जाएगा। इस फेरबदल में कांग्रेस के कई जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निष्क्रिय जिला अध्यक्षों के स्थान पर जुझारू और जमीन पर काम करने वाले नेताओं को जिला कांग्रेस की कमान सौंपी जाएगी।

MP News : उधर, कांग्रेस ने पंचायत कांग्रेस कमेटी, मोहल्ला कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला संगठन में बदलाव से पहले इनके गठन की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। राजधानी में नवंबर में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए कई निर्णय लिए गए थे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्षों और महासचिवों को अलग-अलग जिलों का प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किया गया था। उन्हें जिलों का दौरा कर मैदानी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने को कहा गया था। बैठक में हर पंचायत में कमेटी और हर मोहल्ले में 40 घरों के ऊपर एक कमेटी बनाने के निर्णय लिया गया था। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रभारी जिलों । के दौरे पर हैं और प्रदेश में पंचायत व मोहल्ला कमेटी का गठन किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महीने भर में मोहल्ला और पंचायत कमेटी के गठन का लक्ष्य रखा गया है।

MP News : कई जिलों में निष्क्रिय है संगठन-
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कई जिलों में संगठन निष्क्रिय है। कई जिला अध्यक्ष वर्षों से पद पर काबिज हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भेजे जा रहे कार्यक्रमों को वे सफलतापूर्वक आयोजित नहीं कर पा रहे हैं। जिला प्रभारियों और सह प्रभारियों को जिला संगठन के कामकाज का विश्लेषण करने के लिए कुछ पैरामीटर्स तय किए गए हैं। इन्हीं पैरामीटर्स के आधार पर जिला प्रभारी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। सभी संगठनात्मक जिलों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद वरिष्ठ नेता इसका विश्लेषण करेंगे। इसके आधार पर जिला संगठन में बदलाव को लेकर कार्रवाई की जाएगी।

MP News : रिपोर्ट मिलने के बाद होगा जिला संगठन का विस्तार-
मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का कहना है कि कांग्रेस संगठन के गांव-गांव तक विस्तार की कार्रवाई शुरू हो गई है। पंचायत, मोहल्ला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का गठन शुरू कर दिया गया है। जिला प्रभारी व सह प्रभारी जनवरी के अंत तक रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद जिला संगठन का विस्तार किया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire