Top
Begin typing your search above and press enter to search.

महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पर जानलेवा हमला, आशीर्वाद के बहाने चाकू से वार

महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पर जानलेवा हमला, आशीर्वाद के बहाने चाकू से वार
X

प्रयागराज: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी, जिन्हें छोटी मां के नाम से भी जाना जाता है, पर गुरुवार रात जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में उनके तीन शिष्य भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी को तुरंत महाकुंभ के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना तब हुई जब कल्याणी नंद गिरी अपनी कार से अखाड़े के शिविर लौट रही थीं।

रास्ते में कुछ लोग आशीर्वाद लेने के बहाने उनके गाड़ी के पास पहुंचे और गाड़ी रुकवाकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनके बचाव में आए शिष्यों पर भी हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए। इस हमले के पीछे पहले से चल रहा विवाद भी एक वजह माना जा रहा है। 9 फरवरी को परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरी, आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और कौशल्या नंद गिरी पर मारपीट के आरोप लगाए थे। पुलिस इस हमले को इसी विवाद से जोड़कर भी देख रही है और जांच जारी है।

सेंट्रल हॉस्पिटल के सीएमएस डॉ. मनोज कौशिक ने बताया कि कल्याणी नंद गिरी समेत चार लोगों को भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है। इस बीच, ममता कुलकर्णी ने 10 फरवरी को विवादों की वजह से महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया था। मगर आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया। जिसके बाद ममता कुलकर्णी वापस अखाड़े में शामिल हो गई हैं और उन्होंने महामंडलेश्वर का पद भी स्वीकार कर लिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire