Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Cyber Fraud : बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुंबई से तीन और ठग गिरफ्तार, 7.5 लाख की ठगी का खुलासा

इनके कब्जे से पुलिस ने 56 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल फोन और 92,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

Cyber Fraud : बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुंबई से तीन और ठग गिरफ्तार, 7.5 लाख की ठगी का खुलासा
X

Cyber Fraud : जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में मुंबई पुलिस के सहयोग से तीन और शातिर ठगों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. इमरान अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी उर्फ अलीम (निवासी जामताड़ा, झारखंड) और राजकुमार गौतम (निवासी उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने 56 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल फोन और 92,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

APK फाइल के जरिए ठगी-

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग गिरोह ने अत्यंत शातिर तरीके से जगदलपुर के एक पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई थी। इस फाइल के जरिए ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते में सेंधमारी कर 7.5 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। बस्तर पुलिस ने इस मामले में पहले ही मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद (निवासी जामताड़ा, झारखंड) सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मुंबई में संयुक्त कार्रवाई-

बस्तर पुलिस की साइबर सेल और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन तीनों आरोपियों को मुंबई के एक होटल से घेराबंदी कर पकड़ा गया। सीएसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया कि तकनीकी जांच में पता चला कि गिरोह APK फाइल और ईमेल हैकिंग के जरिए लोगों के खातों से ठगी करता था। बरामद सामान में शामिल मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड इस गिरोह की गतिविधियों का अहम सबूत हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह साइबर ठगी का मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। ठगों ने पीड़ित को लिंक भेजकर APK फाइल डाउनलोड कराई, जिसके जरिए बैंक खाते की जानकारी हासिल कर रकम को फर्जी खातों में ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने अब तक इस गिरोह से 70 एटीएम कार्ड, 13 मोबाइल फोन और 1.25 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

साइबर ठगी से बचाव की अपील-

बस्तर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना पुलिस को दें। यह कार्रवाई साइबर अपराध पर नकेल कसने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire